North Macedonia Fire: रविवार तड़के उत्तर मैसेडोनिया के एक नाइटक्लब में भीषण आग लग गई. इस हादसे में कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई. घटना उस समय हुई जब वहां एक संगीत कार्यक्रम चल रहा था. इस कॉन्सर्ट में 1000 से ज्यादा लोग शामिल हुए थे. राज्य समाचार एजेंसी MIA ने यह जानकारी दी.
यह आग राजधानी स्कोप्जे से 60 मील दूर स्थित कोचानि शहर के Pulse नाइटक्लब में लगी. यहां देश के मशहूर हिप-हॉप जोड़ी DNK का कॉन्सर्ट चल रहा था. कार्यक्रम में करीब 1500 लोग मौजूद थे, जिनमें अधिकतर युवा थे.
तीन बजे रात में भड़की आग
रिपोर्ट के मुताबिक, आग रात करीब 3 बजे (0200 GMT) लगी. कुछ ही पलों में नाइटक्लब की छत और ऊपरी हिस्सा आग की लपटों में घिर गया. अचानक लगी इस आग से अफरा-तफरी मच गई. लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
इस हादसे में 100 से ज्यादा लोग घायल हुए. घायलों को कोचानि और स्टिप के अस्पतालों में भर्ती कराया गया. स्टिप, कोचानि से करीब 20 मील दक्षिण में स्थित है. लोक अभियोजक कार्यालय ने बयान जारी कर कहा कि मृतकों और घायलों की सही संख्या का अभी आकलन किया जा रहा है.
आग लगने का कारण
स्थानीय मीडिया का कहना है कि कंसर्ट के दौरान इस्तेमाल किए गए पटाखों से आग लग सकती है. हालांकि, अधिकारियों ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है.
इस हादसे के बाद दमकलकर्मी और मेडिकल टीमें पूरी रात राहत कार्य में जुटी रहीं. फायर ब्रिगेड ने तेजी से आग पर काबू पाने की कोशिश की. बचाव दल घायलों को अस्पताल पहुंचाने और राहत कार्य में लगा रहा. हादसे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें- Crew 10 को देख खुशी से उछल पड़ी Sunita Willaims, जानें क्या है अब धरती पर वापसी का प्लान
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





