Bharat Express DD Free Dish

मणिपुर जातीय हिंसा में हत्या और अपहरण के मामले में NIA ने KCP-PWG के अहम कैडर को किया गिरफ्तार

NIA ने मणिपुर जातीय हिंसा केस में बड़ी कार्रवाई करते हुए उग्रवादी संगठन KCP-PWG से जुड़े एक अहम कैडर वैखोम रोहित सिंह को गिरफ्तार किया है. वर्ष 2023 में हत्या और अपहरण की इस घटना की जांच अब नए मोड़ पर है.

NIA

नई दिल्ली, 13 मई 2025: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मणिपुर में वर्ष 2023 में हुई जातीय हिंसा के दौरान हत्या और अपहरण के एक गंभीर मामले में उग्रवादी संगठन KCP-PWG (कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी – पीपुल्स वॉर ग्रुप) से जुड़े एक अहम कैडर को गिरफ्तार किया है.

गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान वैखोम रोहित सिंह, निवासी थौबल पाखांगकोंग लेइरक, जिला थौबल, मणिपुर के रूप में हुई है. उसे NIA की टीम ने केस नंबर **RC-07/2024/NIA/IMP* में साजिश और अपराध की योजना में शामिल होने के आरोप में हिरासत में लिया. एनआईए की पूछताछ पूरी होने के बाद अब वह न्यायिक हिरासत में है.

यह मामला नवंबर 2023 का है जब इंफाल पश्चिम जिले के कांगचुप चिंगखोंग इलाके में नाका ड्यूटी पर तैनात CRPF टीम ने एक बोलेरो गाड़ी को रोका था. इस गाड़ी में जातीय हिंसा में शामिल दो प्रमुख समुदायों में से एक समुदाय के पांच लोग सवार थे. तभी विरोधी समुदाय की एक बड़ी उग्र भीड़ वहां इकट्ठा हो गई और उन्होंने इनमें से चार लोगों को जबरन खींच कर बाहर निकाल लिया, जबकि एक व्यक्ति किसी तरह बच निकला. बाद में, इन चार में से तीन के शव बरामद किए गए थे.

गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर फरवरी 2024 में यह केस NIA को सौंपा गया था, जिसके बाद एजेंसी लगातार इस केस की गहराई से जांच कर रही है.

NIA ने इस गिरफ्तारी को मणिपुर में जातीय हिंसा के दौरान हुई साजिशों को उजागर करने की दिशा में एक बड़ी सफलता बताया है. जांच एजेंसी इस मामले में और भी गिरफ्तारियों की संभावना से इनकार नहीं कर रही.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read