Bharat Express DD Free Dish

“विराट कोहली और रोहित शर्मा की कमी टीम इंडिया को जरूर खलेगी, लेकिन…” जेम्स एंडरसन बोले- भारत में प्रतिभाओं की कमी नहीं

जेम्स एंडरसन (James Anderson) ने टॉकस्पोर्ट पर रोहित शर्मा के संन्यास पर कहा, “रोहित के जाने के बाद भारतीय टीम को नया कप्तान मिलेगा.

James Anderson

इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन

भारतीय क्रिकेट के मौजूदा समय के दो सबसे बड़े बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. इस बीच, इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन (James Anderson) का मानना है कि भारत में ऐसी प्रतिभाएं हैं जो रोहित और विराट के जाने से खाली हुई जगह को भर सकती हैं.

James Anderson ने दिया बयान

जेम्स एंडरसन (James Anderson) ने विराट कोहली को टेस्ट क्रिकेट इतिहास के महान बल्लेबाजों में एक करार दिया. एंडरसन ने कहा, “विराट एक महान बल्लेबाज रहे हैं. उनकी कमी टेस्ट फॉर्मेट में निश्चित रुप से भारतीय टीम को खलेगी लेकिन भारत में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का एक बड़ा समूह मौजूद है जो उन्हें रिप्लेस करेगा और उनकी कमी की भरपाई करेगा.”

विराट कोहली और जेम्स एंडरसन (James Anderson) के बीच टेस्ट फॉर्मेट में हमेशा से एक कड़ी प्रतियोगिता देखने को मिली है. कभी एंडरसन तो कभी कोहली एक दूसरे पर भारी पड़ते रहे हैं. कोहली ने एंडरसन के खिलाफ 36 पारियों में 305 रन बनाए हैं. इस दौरान दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 7 बार विराट कोहली को आउट किया है.

“टीम इंडिया बड़ी चुनौती बनती जा रही”

जेम्स एंडरसन (James Anderson) ने टॉकस्पोर्ट पर रोहित शर्मा के संन्यास पर कहा, “रोहित के जाने के बाद भारतीय टीम को नया कप्तान मिलेगा. भारतीय टीम मैनेजमेंट आईपीएल से नए और आक्रामक युवाओं को टेस्ट फॉर्मेट में जगह दे रहा है. टीम इंडिया टेस्ट में मजबूत हो रही है. घरेलू मैदान पर भारतीय टीम एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है.”

विराट कोहली ने 12 मई को अपने 14 साल के टेस्ट करियर को अलविदा कह दिया था. विराट बतौर कप्तान और बल्लेबाज टेस्ट फॉर्मेट में एक बड़ी विरासत छोड़ कर गए हैं. उन्हें एक ऐसे खिलाड़ी के रुप में याद किया जाएगा जिसने टेस्ट क्रिकेट को आक्रामकता और जुनून के साथ खेला. विराट ने अपने 14 साल के टेस्ट करियर में 123 टेस्ट मैचों की 210 पारियों में 30 शतक की मदद से 9230 रन बनाए.

यह भी पढ़ें- क्या रोहित शर्मा और विराट कोहली के रिटायरमेंट में है गंभीर का हाथ? रिपोर्ट में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

भारतीय क्रिकेट टीम को अब रोहित-कोहली के बगैर जून में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड का दौरा करना है. इसके साथ ही टीम नया विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र भी शुरू हो जाएगा. एंडरसन ने इस पर कहा, “इस साल इंग्लैंड के लिए अहम साल है और एशेज सीरीज भी खेली जानी है. भारतीय टीम इंग्लैंड को उसकी घरेलू परिस्थितियों में भी बहुत मुश्किल चुनौती देने जा रही है. भारतीय टीम मजबूत है.”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read