Bharat Express DD Free Dish

JEE Mains 2025: स्कोर कार्ड में गड़बड़ी के आरोप, हाईकोर्ट ने जांच में तेजी लाने के दिए निर्देश

दिल्ली हाईकोर्ट ने जेईई (मुख्य) 2025 परीक्षा में स्कोर कार्ड में गड़बड़ी के आरोपों पर राष्ट्रीय साइबर फोरेंसिक प्रयोगशाला (NCFL) को जांच तेज करने और 29 मई तक रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है.

Quentin Deacon Drug Case
Prashant Rai Edited by Prashant Rai

दिल्ली हाईकोर्ट ने JEE Mains 2025 परीक्षा में कथित तकनीकी खामियों और स्कोर कार्ड में गड़बड़ी के आरोपों की जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया है. कोर्ट ने यह आदेश दो अभ्यर्थियों की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया, जिन्होंने आरोप लगाया है कि उनके जेईई (मुख्य) के स्कोर कार्ड में हेरफेर किया गया है.

न्यायमूर्ति विकास महाजन ने राष्ट्रीय साइबर फोरेंसिक प्रयोगशाला (NCFL) के निदेशक से 14 मई के आदेश के अनुरूप तथ्यों का पता लगाने और जांच में तेजी लाकर रिपोर्ट 29 मई तक सीलबंद लिफाफे में कोर्ट के समक्ष पेश करने को कहा है. यह निर्देश इसलिए भी अहम है क्योंकि जेईई (एडवांस्ड) 2025 का परिणाम 2 जून को घोषित किया जाना है.

दरअसल, शुरुआत में जांच की जिम्मेदारी केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (CFSL) को सौंपी गई थी, लेकिन कोर्ट को बताया गया कि CFSL के पास इस जांच के लिए जरूरी संसाधन मौजूद नहीं हैं. इसके बाद कोर्ट ने यह जिम्मेदारी NCFL को सौंपी. सुनवाई के दौरान कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (CERT) के वकील ने भी बताया कि उनकी संस्था के पास नेटवर्क फोरेंसिक और सर्वर इमेजिंग जैसी क्षमताएं नहीं हैं.

कोर्ट ने NCFL निदेशक को यह भी स्वतंत्रता दी है कि यदि आवश्यक हो तो वे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से अतिरिक्त जानकारी मांग सकते हैं या परीक्षा से संबंधित किसी भी रिकॉर्ड की जांच कर सकते हैं.

गौरतलब है कि याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि उनके स्कोर कार्ड में जानबूझकर बदलाव किया गया है, जिससे उनकी रैंकिंग और आगे की परीक्षा में प्रवेश प्रभावित हो सकता है. कोर्ट अब इस मामले की अगली सुनवाई 29 मई को करेगा, जब जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी.

ये भी पढ़ें- गैंगस्टर एक्ट के दुरुपयोग पर हाईकोर्ट सख्त, नई गाइडलाइंस जारी करने और अनुपालन रिपोर्ट तलब

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read