प्रतीकात्मक तस्वीर.
महाराष्ट्र के सांगली में एक पिता ने अपनी बेटी की बस इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसने नीट परीक्षा के मॉक टेस्ट में कम नंबर लाए. सांगली की रहने वाली साधना भोंसले नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) की तैयारी कर रही थी और इसके लिए मॉक टेस्ट दे रही थी. उसे अपने मॉक टेस्ट में कम अंक मिले, जिससे उसके पिता धोंदीराम भोंसले नाराज हो गए.
साधना ने 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 92.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जो कि कई छात्रों का सपना होता है. इसके एक साल से भी अधिक समय बाद साधना को मॉक टेस्ट में कम अंक लाने पर उसके पिता ने उसकी हत्या कर दी.
पिता ने गुस्से में 17 वर्षीय छात्रा को डंडे से बार-बार पीटा. पिटाई के कारण कक्षा 12 की छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई. इस हमले में साधना भोंसले के सिर में चोटें आईं. उसे सांगली के उषाकल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज मिलने से पहले ही शुक्रवार को अस्पताल में उसकी मौत हो गई.
स्कूल शिक्षक पिता ने कबूला जुर्म
स्कूल शिक्षक धोंदीराम भोंसले ने अपनी बेटी की पिटाई करने की बात कबूल की है. पुलिस ने पिता को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने बताया, “लड़की की मां ने 22 जून को पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पति ने कम नंबर आने के कारण उसकी पिटाई की, जिसके कारण अस्पताल में उसकी मौत हो गई. आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है और वह 24 जून तक पुलिस हिरासत में है. मामले की जांच की जा रही है.”
ये भी पढ़ें: कौशाम्बी में रिश्तों का कत्ल, भाई ने की बहन की हत्या
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



