Bharat Express DD Free Dish

बांग्लादेशी एयरफोर्स का विमान ढाका में स्कूल पर गिरा: पायलट समेत 19 मरे, 164 घायल; हादसे के वक्त क्लास चल रही थी

Bangladesh Plane Crash: बांग्लादेशी वायुसेना का एक विमान स्कूल पर दुर्घटनाग्रस्‍त हो गया. दर्जनों लोग हादसे की चपेट में आए. सरकार ने एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की.

bangladesh air force plane crash on school
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Bangladesh Plane Crash: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में बांग्लादेशी वायुसेना का एक विमान स्कूल पर दुर्घटनाग्रस्‍त हो गया. इस हादसे में विमान के पायलट समेत 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 160 से अधिक लोग घायल हुए हैं. 60 से ज्यादा घायलों को बर्न इंस्टीट्यूट रेफर कर दिया गया है. वहीं, कई जख्‍मी लोगों को उत्तरा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है.

AP की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा ढाका स्थित माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज पर हुआ, तब स्कूल में क्लासेस चल रही थीं, और सैकड़ों छात्र मौजूद थे. हादसे में घायल हुए बच्चों को हेलिकॉप्टर और ठेलों के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया है.

सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस ने जताया शोक

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने हादसे पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने फेसबुक पोस्ट में इसे देश के लिए बेहद दुखद क्षण बताया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है. यूनुस ने अस्पतालों और अधिकारियों को स्थिति संभालने और घायलों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए है. साथ ही, उन्होंने हादसे की जांच का आदेश दिया है. सरकार ने एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है.

चीन से खरीदा गया था दुर्घटनाग्रस्‍त हुआ यह विमान

फायर सर्विस के अनुसार, हादसा दोपहर 1:18 बजे हुआ, और उनकी टीमें 1:22 बजे मौके पर पहुंची. उत्तरा, टोंगी, पल्लबी, कूर्मिटोला, मीरपुर और पूर्वाचल के आठ फायर स्टेशनों ने बचाव कार्य में हिस्सा लिया. क्रैश हुआ F-7 BGI विमान चीन में निर्मित चेंगदू J-7 का उन्नत संस्करण है, जिसे सोवियत MiG-21 के डिज़ाइन पर बनाया गया था. बांग्लादेश वायुसेना ने इसे 2011-2013 में खरीदा था और इसे थंडरकैट स्क्वाड्रन में शामिल किया गया था.

बहरहाल, F-7 BGI ट्रेनर विमान हादसे की वजह जानने की कोशिश की जा रही है. कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि तकनीकी खराबी या पायलट की गलती संभावित कारण हो सकते हैं. यह हादसा बांग्लादेश वायुसेना के विमानों की सुरक्षा और रखरखाव पर सवाल उठाता है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
    Tags:

Also Read