Valentina Gomez
अमेरिका के टेक्सास से एक बार फिर विवादित खबर सामने आई है. रिपब्लिकन पार्टी की उम्मीदवार वैलेंटिना गोमेज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुरान जलाते नजर आईं. वीडियो में गोमेज ने फायर गन का इस्तेमाल करते हुए कहा, “मैं टेक्सास में इस्लाम का खात्मा कर दूंगी. हे ईश्वर, मेरी मदद करो. मुसलमान, ईसाई देशों पर कब्जा करने के लिए बलात्कार और हत्याएं कर रहे हैं.”
चुनावी बयान और वोटरों से अपील
उन्होंने लोगों से वोट देने की अपील भी की और कहा, “मुझे संसद तक पहुंचने में मदद करो, ताकि तुम्हें कभी भी मुसलमानों के फेंके गए पत्थरों का सामना नहीं करना पड़े.” गोमेज 2026 में टेक्सास के 31वें कांग्रेशनल डिस्ट्रिक्ट से रिपब्लिकन उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रही हैं.
वैलेंटिना गोमेज की विवादित गतिविधियां इससे पहले भी सुर्खियों में रही हैं. दिसंबर 2024 में उन्होंने न्यूयॉर्क में डमी को गोली मारने का नाटक किया था, जिसे अप्रवासी के रूप में प्रस्तुत किया गया था. इसके अलावा उन्होंने प्रवासियों को सार्वजनिक रूप से फांसी देने की मांग भी की थी. इन भड़काऊ बयानों और हिंसक प्रदर्शनों के कारण उनके वीडियो सोशल मीडिया से हटा दिए गए और उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भी बंद किया गया.
चुनाव में मिली कम सफलता
इसके साथ ही गोमेज ने LGBTQ+ किताबों को जलाने का भी वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा कि ये किताबें बच्चों पर बुरा प्रभाव डाल रही हैं. हालांकि, उनकी ये हरकतें रिपब्लिकन प्राइमरी में वोटरों का समर्थन जुटाने में सफल नहीं रही. उन्होंने केवल 7.4% वोट प्राप्त कर छठे स्थान पर रही.
व्यक्तिगत जीवन और राजनीतिक पृष्ठभूमि
वैलेंटिना गोमेज का व्यक्तिगत और राजनीतिक जीवन हमेशा विवादों में रहा है. उनका जन्म 8 मई 1999 को कोलंबिया के मेडेलिन में हुआ था. 2009 में उनका परिवार अमेरिका चला गया और न्यू जर्सी में बस गया. उन्होंने सेंट्रल कनेक्टिकट स्टेट यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की और 2020 में MBA पूरा किया. पढ़ाई के दौरान उन्होंने तैराकी शुरू की और कोलंबियाई नेशनल स्विमिंग टीम का हिस्सा बनकर इंटरनेशनल लेवल पर कोलंबिया का प्रतिनिधित्व किया.
2024 में उन्होंने मिसौरी के सेक्रेटरी ऑफ स्टेट पद के लिए उम्मीदवारी भी शुरू की थी. राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपने विवादित बयानों के कारण वह कई बार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से प्रतिबंधित भी हो चुकी हैं.
विशेषज्ञों का मानना है कि गोमेज की ये भड़काऊ गतिविधियां न केवल चुनावी माहौल को प्रभावित कर रही हैं बल्कि अमेरिका में धार्मिक और सामाजिक तनाव भी बढ़ा रही हैं.
ये भी पढ़े: अमेरिका ने अतिरिक्त टैरिफ लगाने की जारी की औपचारिक अधिसूचना, पीएम मोदी का साफ संदेश- “नहीं झुकेंगे”
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
