Prime Video पर रिलीज़ हुई नई फिल्म ‘Songs of Paradise’ न केवल कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता को सामने लाती है, बल्कि उसकी समृद्ध संगीत परंपरा और वहां की महिलाओं के संघर्ष को भी उजागर करती है. यह फिल्म नूर बेगम की प्रेरक कहानी पर आधारित है, एक महिला जिसने अपने अद्भुत गायन के माध्यम से पितृसत्तात्मक समाज की दीवारें तोड़ी और कश्मीर के लोक संगीत को नई दिशा दी हैं.
फिल्म की कहानी ज़ीबा अख़्तर (सबा आज़ाद) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक युवा कश्मीरी महिला है और जिसको असाधारण आवाज़ का वरदान मिला है. कश्मीर के कठोर सामाजिक नियमों में महिलाओं का सार्वजनिक रूप से गायन करना मना था, लेकिन ज़ीबा का आत्मविश्वास और जुनून उसे रोक नहीं सका और धीरे-धीरे उसका सफर उसे नूर बेगम बनने तक ले जाता है, जो रेडियो कश्मीर की प्रसिद्ध आवाज़ बनती है.
गायिका की संघर्ष और सफलता की यात्रा
जैसे-जैसे फिल्म आगे बढ़ती है, ज़ीबा/नूर को नए सहयोगी मिलते हैं, विरोध झेलना पड़ता है और फिर वह कश्मीरी संगीत की विरासत को स्थायी रूप से आकार देती है. सोनी रज़दान, जो फिल्म में वृद्ध नूर बेगम का किरदार निभाती हैं, अपने अनुभव और संघर्ष के बोझ को बेहद प्रभावशाली तरीके से पर्दे पर उतारती हैं. वह सिर्फ अपनी आवाज़ से ही नहीं, बल्कि अपने सोच और दृढ़ निश्चय से हर महिला का सपना साकार करती हैं.
संगीत ने बढ़ाया फिल्म का जादू
फिल्म में सबा आज़ाद युवा नूर की भूमिका में जीवंतता लाती हैं, वहीं ज़ैन खान दुर्रानी मुक़बूल शाह के किरदार में नूर की प्रेरणा और भावनात्मक यात्रा को मजबूती प्रदान करते हैं. इसके अलावा, लीलेट डूबी, शीबा चड्डा और तारुक रैना के छोटे लेकिन प्रभावशाली किरदार कहानी को और गहराई देते हैं. अभय सोपोड़ी की रचनाएँ कश्मीरी लोक संगीत में गहराई से जुड़ी हैं और मस्रत उन नीसा की आवाज़ हर दृश्य में जान डालती है. फिल्म कश्मीर की सुदूर प्राकृतिक सुंदरता को भी बखूबी पेश करती है, जो संगीत की तरह दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देती है.
हालांकि फिल्म में 1950-60 के दशक के कश्मीर की राजनीतिक और सामाजिक चुनौतियों को ज्यादा दिखाया नहीं गया, लेकिन यह नूर बेगम के संघर्ष और पुरुषप्रधान समाज के खिलाफ उनके साहस को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करती है. फिल्म का संदेश स्पष्ट है – जुनून और समर्पण से हर बाधा को पार किया जा सकता है.
‘Songs of Paradise’ न केवल कश्मीर की संगीत धरोहर को उजागर करती है, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण और पितृसत्तात्मक समाज के खिलाफ आवाज़ उठाने की प्रेरणा भी देती है. यह फिल्म दर्शकों को याद दिलाती है कि हमारी प्रतिभाओं और सपनों को कभी दबाया नहीं जा सकता हैं.
Also Follow Bharat Express on X
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



