Bharat Express DD Free Dish

ये ग्वालियर है बाबू भैया! सड़क पर पेशाब करने से रोका तो तान दिया कट्टा, बोला- बेटी को क्यों निकाला?

Gwalior News: ग्वालियर में सड़क पर पेशाब करने से रोकने पर युवक ने कार से बंदूक निकालकर ठेला लगाने वाले परिवार को धमकाया. आरोपी ने महिला से बदतमीज़ी की और बेटी पर शर्मनाक टिप्पणी की.

Gwalior News

Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां सड़क किनारे पेशाब करने से रोकने पर एक युवक न केवल गाली-गलौज पर उतर आया बल्कि कार से बंदूक निकालकर स्थानीय फेरीवालों को धमका दिया. घटना बुधवार देर रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है.

जानकारी के मुताबिक, युवक अपनी कार रोककर सड़क किनारे पेशाब करने लगा. वहीं पर ठेला लगाकर बैठे कुछ परिवारों ने इसका विरोध किया और नाराजगी जताई कि उनके ठेले के पास इस तरह की हरकत ठीक नहीं है. इसी बात पर युवक और ठेलेवालों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

‘बेटी को रात में घर में रखो’ शर्मनाक टिप्पणी

विवाद बढ़ते ही युवक ने न सिर्फ अपशब्द कहे बल्कि ठेले वाले परिवार की महिला से बदतमीज़ी की. उसने कार से बाहर निकलकर कहा कि ‘बेटी को रात में बाहर क्यों निकालते हो, उसे घर में रखो.’ यह टिप्पणी सुनकर वहां मौजूद लोग भड़क उठे. इसके बाद युवक ने कार से बंदूक निकालकर पूरे परिवार को धमकाना शुरू कर दिया.

घटना का एक हिस्सा राहगीर ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद ग्वालियर पुलिस हरकत में आई और आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया. पुलिस ने उसकी कार और वाहन नंबर की पहचान कर ली है और आरोपी की तलाश जारी है.

सार्वजनिक स्थानों पर पेशाब को लेकर बढ़ती सख्ती

गौरतलब है कि ग्वालियर सहित कई शहरों में सार्वजनिक स्थानों पर पेशाब और गंदगी फैलाने को लेकर नगर निगम लगातार अभियान चला रहा है. इसके बावजूद लोग सड़क किनारे इस तरह की हरकतें करने से बाज नहीं आते.

ये भी पढ़ें: तिहाड़ से क्यों नहीं हटेगी अफजल गुरु और मकबूल भट्ट की कब्र? जानें हाईकोर्ट का तर्क

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read