Bharat Express DD Free Dish

Diwali की हार्दिक शुभकामनाएं: जानिए लक्ष्मी-गणेश पूजन का शुभ मुहूर्त और विधि, आज इन शुभ योगों में मनेगा पर्व

Diwali 2025: ज्‍योतिषियों के मुताबिक, आज लक्ष्मी-गणेश पूजन के लिए दो शुभ मुहूर्त हैं. प्रदोष काल शाम 5:46 से 8:18 तक रहेगा. स्थिर लग्न वृषभ काल शाम 7:08 से 9:03 तक रहेगा. यहां पूजा विधि भी जान लीजिए.

Diwali 2025, Maa Lakshmi, Wealth Signs
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Diwali 2025: हर साल की तरह, कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की अमावस्या यानी दीपावाली का त्योहार आज देश भर में धूम-धाम से मनाया जाएगा. दिवाली पर महालक्ष्मी के पूजन का विशेष विधान है. इस दिन संध्या और रात्रि के समय शुभ मुहूर्त में मां लक्ष्मी, विघ्नहर्ता भगवान गणेश और माता सरस्वती की पूजा और आराधना की जाती है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक अमावस्या की अंधेरी रात में महालक्ष्मी स्वयं भूलोक पर आती हैं और हर घर में विचरण करती हैं, भक्तों को इच्छापूर्ति का आशीर्वाद देती हैं.

आज मनाई जा रही दिवाली, जानें तिथि और महत्व

पंचांग के अनुसार, 20 अक्टूबर यानी आज दिवाली का पर्व मनाया जा रहा है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान राम चौदह वर्षों के वनवास के बाद अयोध्या लौटे थे, और अयोध्या वासियों ने उनका स्वागत दीप जलाकर किया था, तभी से दिवाली का पर्व मनाया जाता है.

दिवाली की तिथि (Diwali 2025 Tithi): पंचांग के अनुसार, इस बार कार्तिक अमावस्या तिथि की शुरुआत 20 अक्टूबर यानी आज दोपहर 3 बजकर 44 मिनट पर हो चुकी है और तिथि का समापन 21 अक्टूबर को शाम 5 बजकर 55 मिनट पर होगा.

diwali

दिवाली 2025: लक्ष्मी-गणेश पूजन का शुभ मुहूर्त

आज दिवाली की पूजा के लिए दो खास मुहूर्त प्राप्त हो रहे हैं, जो इस प्रकार हैं:

पहला मुहूर्त (प्रदोष काल): प्रदोष काल की शुरुआत आज शाम 5 बजकर 46 मिनट से होगी और इसका समापन रात 8 बजकर 18 मिनट पर होगा.

दूसरा मुहूर्त (स्थिर लग्न – वृषभ काल): स्थिर लग्न का वृषभ काल में भी मां लक्ष्मी के पूजन का अच्छा मुहूर्त माना जाता है, जो शाम 7 बजकर 8 मिनट से शुरू होकर रात 9 बजकर 3 मिनट पर समाप्त होगा.

इन दोनों मुहूर्तों के अलावा, मां लक्ष्मी की पूजा का एक खास मुहूर्त शाम 7 बजकर 08 मिनट से शुरू होकर रात 8 बजकर 18 मिनट पर समाप्त हो जाएगा, जिसकी अवधि 1 घंटे 11 मिनट की रहेगी. इसके अतिरिक्त, इस दिन महानिशीथ काल मध्यरात्रि 11 बजकर 41 मिनट से शुरू होकर अर्धरात्रि 12 बजकर 31 मिनट तक रहेगा, जिसका विशेष महत्व तांत्रिक पूजा और साधकों के लिए होता है.

दिवाली 2025: आज बन रहे कई शुभ योग

दिवाली का यह पर्व आज कई सारे शुभ योगों के बीच मनाया जाएगा, जिससे इसका महत्व और बढ़ गया है:

हंस महापुरुष राजयोग: इस दिन देवगुरु बृहस्पति अपनी उच्च राशि कर्क राशि में विराजमान होंगे, जिससे हंस महापुरुष राजयोग का निर्माण हो रहा है.

वैभव लक्ष्मी राजयोग: शुक्र और चंद्रमा की शुभ स्थिति से इस दिन वैभव लक्ष्मी राजयोग का निर्माण हो रहा है.

बुधादित्य राजयोग: तुला राशि में सूर्य और बुध की युति से बुधादित्य राजयोग का निर्माण भी होगा.

इसके अलावा, शनि मीन राशि में वक्री रहेंगे.

इन शुभ योगों के कारण दिवाली पर की गई पूजा-अर्चना विशेष फलदायी मानी जाएगी.

Diwali 2025, Laxmi Ganesh Puja

दिवाली पर पूजन सामग्री और विधि

दिवाली के दिन पूजा करने से पहले कुछ आवश्यक पूजन सामग्री अवश्य एकत्र कर लें, जिसमें शामिल हैं रोली, कुमकुम, चंदन, अक्षत, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, पूजा की चौकी, लाल कपड़ा, पान, सुपारी, पंचामृत, रुई की बत्ती, नारियल, गंगाजल, फल, फूल, कलश, आम के पत्ते, मौली, जनेऊ, दूर्वा, कपूर, धूप, दीपक, खील, बताशे, मिठाई आदि.

मां लक्ष्मी और गणेश जी की पूजन विधि (Diwali 2025 Pujan Vidhi):

  • दिवाली की शाम सबसे पहले पूजा की चौकी पर नया कपड़ा बिछाएं.
  • फिर, उसके ऊपर रोली से स्वास्तिक और नवग्रह बनाएं.
  • उसके बाद वहां पर गणेश जी और लक्ष्मी जी की मूर्ति स्थापित करें.
  • अखंड दीपक जलाएं और कलश की स्थापना करें.
  • पूजा के समय मुख पूर्व या उत्तर दिशा में रखें.
  • फिर, गंगा जल अपने ऊपर छिड़कें और माथे पर तिलक लगाएं.
  • इसके बाद गणेश जी और मां लक्ष्मी को गंगाजल से स्नान कराएं.
  • स्नान के बाद चंदन, अक्षत, पुष्प, पान, फल, खील, बताशे, मिठाई अर्पित करें.
  • फिर, गणेश जी और मां लक्ष्मी के मंत्र पढ़ें.
  • पूजा के अंत में मां लक्ष्मी की आरती करें.

इस विधि से पूजा करने पर महालक्ष्मी और भगवान गणेश का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है, जिससे घर में सुख-समृद्धि और वैभव का वास होता है.

यह भी पढ़िए: 100 साल बाद Diwali पर बन रहा दुर्लभ ‘हंस महापुरुष राजयोग’, इन राशियों पर होगी धन वर्षा!



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read