Bharat Express DD Free Dish

बीजापुर में इंद्रावती नदी किनारे नक्सलियों से मुठभेड़, दो ढेर, हथियार बरामद

Bijapur naxal encounter: बीजापुर जिले में इंद्रावती नदी किनारे सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई. दो वर्दीधारी नक्सली मारे गए, मौके से हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए. इलाके में सर्च अभियान जारी है.

Bijapur naxal encounter: बीजापुर जिले में आज सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच इंद्रावती नदी इलाके में मुठभेड़ हुई. फोर्स को खबर मिली थी कि इस क्षेत्र में नक्सलियों की हलचल देखी गई है. सूचना मिलते ही जवानों की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया. तभी नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसका जवाब जवानों ने तुरंत दिया.

दो नक्सली ढेर, हथियार बरामद

बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि मुठभेड़ खत्म होने के बाद मौके से दो वर्दीधारी नक्सलियों के शव मिले. वहां से एसएलआर, इंसास राइफल और 12 बोर की बंदूक समेत भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया. साथ ही विस्फोटक सामग्री भी मिली है. आशंका जताई जा रही है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे.

जंगलों में भागे कई नक्सली

एनकाउंटर के दौरान घने जंगलों का फायदा उठाकर कई माओवादी भाग निकले. उनकी तलाश के लिए इलाके में सघन सर्च अभियान जारी है. पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पट्टलिंगम ने कहा कि जवान जब कैंप लौटेंगे तो विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी.

एटेपाल-इंद्रिनार में नक्सली स्मारक ध्वस्त

मुठभेड़ से एक दिन पहले मिरतुर थाना क्षेत्र के एटेपाल-इंद्रिनार गांव में सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों को नक्सली स्मारक मिला. जवानों ने मौके पर ही उसे जमींदोज कर दिया. इसके बाद से इलाके में लगातार अभियान चलाया जा रहा है. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का संकल्प जताया है.

हालिया कार्रवाइयां

  • 20 फरवरी: फरसेगढ़ और तर्रेम थाना क्षेत्रों में सुरक्षाबलों ने चार अवैध नक्सली स्मारक गिराए.
  • 19 फरवरी: ईलमिड़ी थाना क्षेत्र में दो शक्तिशाली IED बरामद किए गए, जिन्हें बीडीडी टीम ने मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया.
  • 18 फरवरी: गंगालूर क्षेत्र के पेद्दाजोजेर जंगल में सात फीट ऊंचा नक्सली स्मारक ढहाया गया. वहीं भोपालपटनम थाना क्षेत्र के कोण्डापड़गु जंगल में 214वीं बटालियन ने डिमाइनिंग के दौरान बीयर बोतल में छिपाए गए दो IED बरामद कर नष्ट किए.

ये भी पढ़ें-Delhi Red Fort Blast: NIA की बड़ी कार्रवाई, दो और आतंकी गिरफ्तार, कुल 11 आरोपी पकड़े गए

कुल मिलाकर, बीजापुर में सुरक्षाबलों की ताजा कार्रवाई ने नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है. इलाके में लगातार सर्चिंग अभियान जारी है ताकि बचे हुए माओवादी भी पकड़े जा सकें.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read