रिपोर्ट- सुरेश दिवाकर
UP News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के केमरी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां भाजपा (BJP) से जुड़े एक मुस्लिम कार्यकर्ता के साथ कथित तौर पर गांव के कुछ दबंगों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. वहीं पीड़ित ने पुलिस पर 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है.
जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार मामला केमरी थाना क्षेत्र के स्वार खुर्द गांव का है. यहां मजरे के निवासी मुरसलीम भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा में मीडिया प्रभारी के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं. मुरसलीम का आरोप है कि वह पिछले कुछ समय से भाजपा में सक्रिय रूप से काम कर रहे थे, जिसको लेकर गांव के कुछ लोगों से उनकी पहले से रंजिश चल रही थी. इसी पुरानी रंजिश के चलते उनके साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया.
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान कुछ दबंगों ने मुरसलीम को घेर लिया और सार्वजनिक रूप से उनके साथ मारपीट की. घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.
पुलिस ने 24 घंटे तक ने की कोई जांच
वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. वहीं पीड़ित मुरसलीम का कहना है कि उन्होंने घटना की तहरीर थाना केमरी पुलिस को दे दी है, लेकिन 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. उनका यह भी आरोप है कि पुलिस अभी तक घटनास्थल पर जांच के लिए भी नहीं पहुंची है.
ये भी पढ़ें: LPG संकट के बीच झांसी में बड़ी चोरी! 524 सिलेंडरों से भरा ट्रक उड़ा ले गए चोर
पीड़ित ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल इस मामले को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जबकि वायरल वीडियो के बाद प्रशासन पर कार्रवाई को लेकर दबाव बढ़ता दिखाई दे रहा है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



