Yogi Adityanath Maulana Controversy: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर मौलाना अब्दुल्ला सलीम कासमी उर्फ चतुर्वेदी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने मौलाना को बिहार के पूर्णिया जिले से हिरासत में लिया, जिसके बाद उसे बहराइच लाया गया, जहां स्थानीय कोर्ट ने उसे कस्टडी में लेने का आदेश पारित किया.
CM की मां पर की आपत्तिजनक टिप्पणी
जानकारी के मुताबिक, मौलाना अब्दुल्ला सलीम का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से मामले ने तूल पकड़ लिया. वीडियो मई 2024 का बताया जा रहा है, जहां एक कार्यक्रम के दौरान मौलाना ने सीएम योगी की माता पर गलत बयानबाजी की थी. जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, मौलाना पर यूपी के अलग-अलग क्षेत्रों में कई FIR दर्ज हुईं. इसके बाद यूपी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौलाना अब्दुल्ला सलीम को मंगलवार (31 मार्च) को कोर्ट के सामने पेश किया. अदालत ने उन्हें हिरासत में लेने का आदेश दिया.
FIR दर्ज
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 196, 299 और 353 के तहत मामला दर्ज किया गया है. उस पर अलग-अलग समुदायों के बीच तनाव फैलाने, धार्मिक भावनाएं आहत करने और भड़काऊ बयान देने के आरोप हैं. यह मामला 8 मार्च को बहराइच के कोतवाली नगर थाने में दर्ज हुआ. शिकायत विश्व हिंदू परिषद की लीगल सेल से जुड़े अजीत प्रताप सिंह ने एक वायरल वीडियो के आधार पर दी थी.
मौलाना ने मांगी माफी
हिरासत में लिए जाने के बाद मौलाना ने स्वीकार किया कि 5 मई 2024 को बिहार के भागलपुर में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कुछ आपत्तिजनक बातें कही थीं, मौलाना ने माफी मांगते हुए कहा कि “मैं हाथ जोड़कर अपनी गलती के लिए तहे दिल से माफी मांगता हूं. भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी.” साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से भी क्षमा मांगी.
ये भी पढ़ें: ’36 केस दर्ज किए लेकिन…’ केरल चुनाव प्रचार में गरजे राहुल गांधी, CPM और BJP दोनों पर साधा निशाना
पुराने वीडियो के दोबारा वायरल होने के बाद उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन हुए. इस मामले में बलरामपुर में भी केस दर्ज हुआ, जबकि लखनऊ समेत अन्य जगहों पर शिकायतें दी गईं. बीजेपी के कई नेताओं, जिनमें सांसद रवि किशन भी शामिल हैं, ने इस बयान की कड़ी आलोचना की.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


