Jaunpur accident: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां पाइपलाइन मरम्मत के दौरान दो मजदूरों की जान चली गई. मिट्टी धंसने से दोनों मजदूर 30 फीट गहरे गड्ढे में दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
30 फीट गहरे गड्ढे में दबकर दो मजदूरों की मौत
जानकारी के मुताबिक, जौनपुर के चौकिया शिवालय के पास देर रात एक बड़ा हादसा हो गया. गैस पाइपलाइन की मरम्मत के दौरान 30 फीट गहरे गड्ढे में काम कर रहे दो मजदूर अचानक मिट्टी धंसने से मलबे में दब गए. हादसा इतना भयावह था कि दोनों मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
पाइपलाइन लीकेज ठीक करने के दौरान हुआ हादसा
बता दें कि दोनों मजदूर पाइपलाइन में हुए लीकेज को ठीक करने के लिए गड्ढे के अंदर वेल्डिंग का काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक ऊपर की मिट्टी भरभराकर नीचे गिर पड़ी. गड्ढा काफी गहरा होने के कारण मजदूर बाहर नहीं निकल सके और मलबे के नीचे दब गए.
प्रशासन ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी. मौके पर पहुंची टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया.
रेस्क्यू के बाद निकाले गए शव
रेस्क्यू टीम ने कड़ी मेहनत के बाद दोनों मजदूरों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
ये भी पढ़ें: ल्यारी का डर बनाम धुरंधर की दहाड़! लखनऊ की सड़कों पर शुरू हुआ पोस्टर वॉर, यूपी में चुनाव से पहले चढ़ा सियासी पारा
जांच के आदेश, लापरवाही पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कार्य में लापरवाही को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





