रिपोर्ट- अजय भटनागर
भोपाल: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने आज हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए. इस बार भी परिणामों में लड़कियों ने बाजी मारी है और पूरे प्रदेश में उनका प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा है. हालांकि हाईस्कूल का कुल रिजल्ट पिछले साल की तुलना में थोड़ा गिरा है, लेकिन हायर सेकेंडरी का परिणाम पिछले 16 सालों में सबसे बेहतर बताया जा रहा है.
रिजल्ट घोषित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह परिणाम ‘नारी सशक्तिकरण’ को समर्पित है. उन्होंने यह भी कहा कि आज की बेटियाँ हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और शिक्षा के मैदान में भी उन्होंने एक बार फिर अपना परचम लहराया है. मेरिट लिस्ट में इस बार भी छात्राओं की संख्या छात्रों से ज्यादा रही.
हाईस्कूल में पन्ना की प्रतिभा टॉपर
हाईस्कूल परीक्षा में सबसे बड़ा नाम रहा पन्ना जिले के गुनौर स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर की छात्रा प्रतिभा सिंह सोलंकी का, जिन्होंने 500 में से 499 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में टॉप किया. हाईस्कूल का कुल पास प्रतिशत 73.42 रहा, जिसमें छात्राओं का प्रदर्शन 77.52 प्रतिशत और छात्रों का 69.31 प्रतिशत रहा.
हायर सेकेंडरी में भोपाल की बेटियों का जलवा
हायर सेकेंडरी कॉमर्स ग्रुप में भोपाल की खुशी राय और चांदनी विश्वकर्मा ने मेरिट में शीर्ष स्थान हासिल किया. खुशी राय ने 500 में से 494 अंक प्राप्त किए और अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों और परिवार को दिया. उन्होंने आगे चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की इच्छा जताई.
इस बार झाबुआ सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला जिला रहा, जहां 93.23 प्रतिशत परिणाम दर्ज हुआ. वहीं दूसरे स्थान पर अनूपपुर रहा, जिसका रिजल्ट 93.04 प्रतिशत रहा. हायर सेकेंडरी का कुल पास प्रतिशत 76.01 रहा.
मुख्यमंत्री ने बताया कि नरेंद्र मोदी द्वारा लागू नई शिक्षा नीति 2020 के कारण अब छात्रों को एक और मौका मिल रहा है. इस बार किसी भी छात्र को “पूरक” नहीं दिया गया है. जो विद्यार्थी असफल हुए हैं या अपने अंक सुधारना चाहते हैं, वे 7 मई 2026 से होने वाली द्वितीय अवसर परीक्षा में शामिल हो सकेंगे.
ये भी पढ़ें- ‘मैं ही राजा मानसिंह था’, 10 साल के बच्चे का दावा; जानें क्या है टोंक का रहस्य?
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



