गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रचंड जीत दर्ज की है. राज्य के सभी 15 नगर निगमों पर भाजपा ने कब्जा जमाया है. इसके साथ ही नगरपालिकाओं, जिला पंचायतों और तालुका पंचायतों में भी पार्टी ने मजबूत बढ़त हासिल की है.
राज्य में 15 नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए मतदान हुआ था. इन चुनावों में कुल 9,200 सीटों पर मुकाबला हुआ. मंगलवार को घोषित नतीजों में भाजपा राज्य की नंबर वन पार्टी बनकर उभरी.
चुनाव परिणामों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुजरात और भाजपा के बीच रिश्ता और मजबूत हुआ है. उन्होंने कहा कि राज्यभर में हुए महानगरपालिका, नगरपालिका, तालुका पंचायत और जिला पंचायत चुनावों में जनता ने भाजपा को भारी जनादेश दिया है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों ने सुशासन की राजनीति और राज्य सरकार के उत्कृष्ट कार्यों पर भरोसा जताया है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा आने वाले समय में और अधिक मेहनत कर गुजरात को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी.
उन्होंने गुजरात भाजपा कार्यकर्ताओं की भी सराहना करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान किया है, यही वजह है कि भाजपा बार-बार गुजरात की पहली पसंद बनती रही है.
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने जनता का जताया आभार
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने जीत पर राज्य की जनता का आभार जताया. उन्होंने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजनीति और विकास के विजन पर फिर से विश्वास जताया है. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता के हर सवाल का जवाब दिया गया और गुजरात की जनता ने नकारात्मक राजनीति को नकार दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में गुजरात की जनता ने भाजपा का साथ दिया है.
ये भी पढ़ें: सिक्किम में युवाओं संग खेलते दिखे पीएम, अमित मालवीय ने TMC को याद दिलाया कोलकाता का मेसी कांड
डिप्टी मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि गुजरात की जनता ने एक बार फिर भाजपा को विजय दिलाई है. उन्होंने कहा कि हर गांव और हर शहर में भाजपा को जीत मिली है.
उन्होंने कहा कि कई राजनीतिक दलों ने जनता को भ्रमित करने की कोशिश की, लेकिन गुजरात की जनता ने विकास और विश्वास की राजनीति को चुना. उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को भी जीत की बधाई दी.
हर्ष संघवी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संयुक्त परिवार की तरह काम करते हैं और आगे भी राज्य के गांवों तथा शहरों में विकास की गति तेज करने का काम जारी रहेगा. उन्होंने दावा किया कि कई विपक्षी दलों की जमानत तक जब्त हो गई.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



