Begusarai Hanuman Mandir Accident
Begusarai Truck Accident: बेगूसराय/ रवि शंकर शर्मा: बेगूसराय से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां कल देर रात एक अनियंत्रित हाईवा ट्रक ने महावीर मंदिर में जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं भी चालक घायल हो गया. गनीमत रही कि मंदिर के पुजारी बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. विस्तार से बताते हैं आपको पूरी खबर…
ट्रक का टायर पंचर होने से हुआ हादसा
मामला बेगूसराय के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-28 स्थित मुरली टोल चौक का है. इस मामले में स्थानीय लोगो ने बताया कि हाइवा ट्रक तेघड़ा की ओर से आ रहा था. अचानक टायर पंचर होने के कारण ट्रक अनियंत्रित हो गया और सीधे चौक पर स्थित महावीर मंदिर में जा घुसा. घटना के समय मंदिर के पुजारी आमोद मिश्रा अंदर सो रहे थे, हालांकि उनकों किसी भी प्रकार की चोट नहीं आई, लेकिन मंदिर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया.
हादसे में चालक हुआ घायल
इस हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया. जिसे स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछवाड़ा पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया गया है. आपको बता दें कि घायल चालक की पहचान नवादा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र के बड़ी मलावा निवासी प्रदीप कुमार के रूप में हुई है.
पुजारी ने बताया घटना के बारे में
पुलिस जांच में मंदिर के पुजारी ने बताया कि हम मंदिर में सो रहे थे, तभी अचानक जोरदार आवाज हुई. ट्रक मंदिर में घुस गया था. भगवान बजरंगबली की कृपा से हम और ड्राइवर बाल-बाल बच गए. हादसे के बाद कुछ देर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन बाधित हो गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात को सामान्य कराया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
- भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


