Bharat Express DD Free Dish

वाह रे बिहार..! मोकामा से सोनू-मोनू रुतवा वायरल, गुर्गों ने ली पुलिस की तलाशी; वीडियो वायरल

Mokama Bihar Police viral video: बिहार के मोकामा में ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ की कहावत सच हो गई! कुख्यात गैंगस्टर सोनू-मोनू को पकड़ने गई पुलिस को घर में घुसने से पहले गुर्गों को अपनी ही तलाशी देनी पड़ी. अब इस घटना का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है.

mokama-bihar-police-searched-by-gangster-sonu-monu-henchmen-viral-video

Mokama Bihar Police viral video: बिहार के मोकामा से पुलिस की कार्यशैली और अपराधियों के दुस्साहस का एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अमूमन पुलिस अपराधियों के घर जाकर उनकी तलाशी लेती है, लेकिन पचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा जलालपुर गांव में मामला बिल्कुल उल्टा नजर आया. कुख्यात अपराधी सोनू और मोनू को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम को घर के अंदर घुसने से पहले अपराधियों के गुर्गों को अपनी तलाशी देनी पड़ी. इसका कथित वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

दरवाजे पर चेकिंग और पुलिस की बेबसी (Bihar Police Viral Video)

वायरल वीडियो (जिसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है) में साफ देखा जा सकता है कि पुलिस टीम सोनू-मोनू के घर की चौखट पर खड़ी है. गैंगस्टर के गुर्गे बारी-बारी से कतार में खड़े पुलिसवालों की तलाशी ले रहे हैं. गुर्गे पूरी घटना की मोबाइल से रिकॉर्डिंग कर रहे थे और बोलते नजर आ रहे थे कि “जितने लोगों की तलाशी ली गई है, उतने ही लोग अंदर आएं.” हैरानी की बात यह है कि एक पुलिसकर्मी फोन पर किसी से छापेमारी के कानूनी पहलुओं पर चर्चा करता भी दिखा.

मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि फोन लाइन पर खुद गैंगस्टर सोनू मौजूद था. इस पूरी नौटंकी और देरी का फायदा उठाकर सोनू और मोनू घर के पिछले रास्ते से फरार हो गए और पुलिस को खाली हाथ (बैरंग) लौटना पड़ा.

क्या है पूरा विवाद? (Video Of Bihar Police Raid)

यह पूरा बवाल एक फेसबुक पोस्ट और वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा है. नौरंगा जलालपुर पंचायत के सरपंच पति मुकेश सिंह ने सोनू-मोनू के पिता (अधिवक्ता प्रमोद सिंह) को देखकर मूंछों पर ताव देते हुए फेसबुक पर एक व्यंग्यात्मक पोस्ट किया था. इस पोस्ट में पुलिस कार्रवाई की तारीफ और सोनू-मोनू पर तंज कसा गया था. इसी बात से बौखलाए सोनू-मोनू गिरोह ने शनिवार की शाम सरपंच पति मुकेश सिंह पर कई राउंड फायरिंग कर दी. इसी मामले में पुलिस पिता प्रमोद सिंह और दोनों बेटों समेत 6 आरोपियों की तलाश में छापेमारी करने पहुंची थी.

ये भी पढ़ें: ‘बस एक साल में गिरेगी मोदी सरकार..’, क्या है राहुल गांधी के दावे का आधार? BJP ने बताया साजिश

पिछला विवाद और पुलिस का पक्ष

दोनों गुटों के बीच रंजिश पुरानी है. बताया जाता है कि बीते दिनों पचमहला थाने की पुलिस सादे कपड़ों में सोनू-मोनू के अधिवक्ता पिता प्रमोद सिंह को गिरफ्तार करने पहुंची थी. पिता का आरोप है कि न्यायालय से गिरफ्तारी पर रोक के बावजूद पुलिस उन्हें सिर्फ अपमानित करने के लिए खींचते हुए थाने ले जा रही थी, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था.

ये भी पढ़ें: ‘Heatwave’ का कहर: तेलंगाना 16 लोगों की मौत, दिल्ली-NCR जल रहा आसमान, UP के 60 जिलों में रेड अलर्ट

हालांकि, पचमहला थानेदार कुंदन कुमार ने स्पष्ट किया है कि सोनू और सौरभ (मोनू) ने इलाके में दो हवाई फायरिंग की थी. पुलिस का सख्त लहजे में कहना है कि यह गिरोह आपराधिक गतिविधियों में लिप्त है और इन्हें या इनके संरक्षकों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read