Nigerian Politics Scam: नाइजीरिया (Nigeria) से जालसाजी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 16 साल के नाबालिग लड़के ने खुद को बौनेपन का शिकार और 30 साल का बताकर देश के बड़े-बड़े नेताओं को चकमा दे दिया और संसद चुनाव का पर्चा भर दिया.
एक 16 साल के लड़के ने खुद को बौनेपन का शिकार और 30 साल का बताकर संसद चुनाव के लिए टिकट पा लिया. सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जब इंटरनेट पर उसका असली पासपोर्ट और स्कूल रिकॉर्ड लीक हुआ, तो पता चला कि वह महज एक नाबालिग बच्चा है. पोल खुलने और स्कूल टीचर की गवाही के बाद पार्टी ने उसे अयोग्य घोषित कर दिया, जिसके कारण उसे चुनाव से पीछे हटना पड़ा.
सोशल मीडिया वीडियो से हुआ वायरल
यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब नाइजीरिया की सत्तारूढ़ ‘ऑल प्रोग्रेसिव कांग्रेस’ (APC) पार्टी की तरफ से सांसद पद के टिकट के लिए महमूद का एक इंटरव्यू वीडियो वायरल हुआ. वीडियो में उसने खुद का जन्म 1995 बताकर जनता की सेवा करने की बात कही. नाइजीरियाई फेसबुक और ट्विटर पर लोग उसे बदलाव का मसीहा मानने लगे.
पासपोर्ट और मार्कशीट लीक होने पर खुली पोल
नाइजीरियाई कानून के तहत संसद चुनाव के लिए न्यूनतम उम्र 25 वर्ष होनी जरूरी है. महमूद ने खुद को 30 साल का दिखाकर टिकट लगभग पक्का कर लिया था. लेकिन जैसे ही वह स्टार बना, इंटरनेट पर उसके असली दस्तावेज (इंटरनेशनल पासपोर्ट, बर्थ सर्टिफिकेट और स्कूल रिकॉर्ड) लीक हो गए. दस्तावेजों से साफ हो गया कि महमूद का जन्म साल 2010 में हुआ था और वह महज 16 साल का बच्चा है.
इसके बाद महमूद के एक स्कूल टीचर ने भी मीडिया के सामने आकर पुष्टि कर दी कि उसने हाल ही में महमूद को हाईस्कूल में पढ़ाया है. जिसके बाद पार्टी ने उसे अयोग्य घोषित कर दिया और महमूद ने अपना नाम वापस ले लिया. अब वहां के लोग हैरान हैं कि बड़े नेताओं से इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

