Bharat Express DD Free Dish

ट्विशा डेथ केस में सबसे बड़ा ‘जजमेंट डे’! सास और पति समर्थ की आज कोर्ट में पेशी; CBI द्वारा संयुक्त रिमान्ड की मांग के क्या हैं मायने?

मध्य प्रदेश के चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में आज पूर्व जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ शर्मा की CBI कोर्ट में पेशी होगी. सीबीआई दोनों आरोपियों की रिमांड बढ़ाने की मांग करेगी ताकि कथित साजिश और सबूत मिटाने के आरोपों की गहराई से जांच हो सके…

मध्य प्रदेश का सबसे चर्चित और रसूखदार ‘ट्विशा शर्मा डेथ केस’ आज अपने सबसे बड़े और निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है. कल तक कानून की कमियों का फायदा उठाकर पुलिस को छकाने वाली पूर्व जज गिरिबाला सिंह और उनका बेटा समर्थ शर्मा आज एक साथ सीबीआई (CBI) की विशेष अदालत के कटघरे में खड़े होंगे.

शुक्रवार का यह दिन इस पूरी मर्डर मिस्ट्री के लिए ‘जजमेंट डे’ माना जा रहा है, क्योंकि कल जेल की हवा खा चुकीं पूर्व जज मां और पहले से हिरासत में चल रहे पति समर्थ की किस्मत का फैसला आज कोर्ट को करना है. पूरा सस्पेंस इस बात पर टिका है कि क्या अदालत सीबीआई को वो ‘अतिरिक्त समय’ देगी, जिससे इस रसूखदार परिवार के खौफनाक राज दुनिया के सामने आ सकें.

सीबीआई मांगेगी अतिरिक्त समय

इस हाई-प्रोफाइल मामले में सीबीआई के पास आज का दिन सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है. जांच एजेंसी कोर्ट के सामने दलील देने वाली है कि ट्विशा की मौत कोई साधारण हादसा या आत्महत्या नहीं थी, बल्कि इसके पीछे एक सोची-समझी साजिश थी, जिसके सबूतों को पूर्व जज ने अपने रसूख के दम पर मिटाने की कोशिश की.

सीबीआई आज दोनों आरोपियों की कम से कम 7 दिनों की कस्टडी रिमांड की मांग करेगी. जांच टीम का मानना है कि अब तक अलग-अलग पूछताछ में मां और बेटे ने जांच को गुमराह करने की पूरी कोशिश की है, इसलिए इन दोनों शातिर दिमागों को एक ही कमरे में आमने-सामने बैठाकर सच उगलवाना बेहद जरूरी हो गया है.

क्या कोर्ट देगी सीबीआई को खुली छूट?

कानूनी गलियारों में इस बात की चर्चा सबसे तेज है कि क्या कोर्ट पूर्व जज के परिवार को कोई राहत देगा या फिर सीबीआई को पूरी छूट सौंप देगा. चूंकि आरोपी खुद कानून की बड़ी जानकार रही हैं, इसलिए उन्होंने हर सवाल का जवाब बेहद नाप-तौल कर दिया है. लेकिन सीबीआई ने भी आज की पेशी के लिए अपना तगड़ा चक्रव्यूह तैयार कर लिया है.

जांच एजेंसी कोर्ट को बताएगी कि आरोपियों का बाहर रहना जांच को प्रभावित कर सकता है. अगर आज कोर्ट से सीबीआई को अतिरिक्त समय और रिमांड मिल जाती है, तो तय मानिए कि 12 मई की रात को ससुराल की छत पर उस एक घंटे के भीतर ट्विशा के साथ जो कुछ भी हुआ था, उसकी एक-एक परत खुद यह मां-बेटे कोर्ट के सामने कबूल करेंगे.

ये भी पढ़ें: ‘काटना है तो खुद को काटो…लेकिन’: सार्वजनिक कुर्बानी पर भड़के बाल मुकुंद आचार्य, वायरल हुआ वीडियो

ट्विशा के पीड़ित परिवार की नजरें कोर्ट पर

इस मामले ने पूरे मध्य प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है, इसलिए आज भोपाल की जनता और ट्विशा के पीड़ित परिवार की सांसें कोर्ट के फैसले पर अटकी हुई हैं. सीसीटीवी फुटेज में ट्विशा का आखिरी बार जिंदा सीढ़ियों से ऊपर जाना और ठीक एक घंटे बाद पति समर्थ द्वारा उसकी बेसुध लाश को नीचे लाना, ऐसा अकाट्य सच है जिसे झुठलाया नहीं जा सकता.

पूर्व जज मां की गिरफ्तारी के बाद समर्थ का आत्मविश्वास पहले ही डगमगा चुका है और आज जब दोनों को आमने-सामने बिठाया जाएगा, तो रसूख का यह किला ढहना तय है. अब देखना यह है कि आज दोपहर बाद कोर्ट से जैसे ही रिमांड पर मुहर लगती है, तो सीबीआई इस हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री का पटाक्षेप किस अंदाज में करती है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read