Bharat Express DD Free Dish

पीएम मोदी और रबि लामिछाने की अहम मुलाकात, भारत-नेपाल संबंधों को मिलेगी नई मजबूती

PM Modi Rabi Lamichhane Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रबि लामिछाने से मुलाकात कर भारत-नेपाल संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की.

PM Modi Rabi Lamichhane Meeting
Edited by Sahil Singh

PM Modi Rabi Lamichhane Meeting: बुधवार (3 जून) को नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रबि लामिछाने ने भारत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस बैठक में भारत और नेपाल के बीच सहयोग बढ़ाने तथा दोनों देशों के साझा विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई.

प्रधानमंत्री मोदी ने जताई खुशी

बैठक की जानकारी प्रधानमंत्री ने अपने एक्स पोस्ट में शेयर करते हुए लिखा, “रबि लामिछाने के मुलाकात कर बहुत प्रसन्नता हुई. मैं साथ मिलकर साझा और समृद्ध भविष्य के निर्माण की इच्छा का पूरी तरह समर्थन करता हूं. भारत के लिए नेपाल उसकी “नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी” के तहत एक महत्वपूर्ण और प्राथमिक साझेदार है.”

प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि नेपाल की नई सरकार के साथ मिलकर दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाया जा सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंध रहे हैं, जिन्हें आगे और सशक्त करने की जरूरत है.

प्रधानमंत्री ने भारत-नेपाल के लंबे और घनिष्ठ संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देश आपसी विश्वास, सम्मान और सहयोग के आधार पर आगे बढ़ सकते हैं. उन्होंने दोनों देशों के लिए एक बेहतर और समृद्ध भविष्य के निर्माण हेतु मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की. बैठक में सीमा सुरक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने, आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग बढ़ाने तथा द्विपक्षीय संबंधों को और व्यापक बनाने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई.

कई क्षेत्रों में बढ़ रहा है सहयोग

भारत और नेपाल के रिश्ते केवल राजनीतिक स्तर तक सीमित नहीं हैं. दोनों देश व्यापार, ऊर्जा, शिक्षा, पर्यटन, कनेक्टिविटी और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे क्षेत्रों में भी लगातार साथ काम कर रहे हैं. दोनों देशों की सरकारें आपसी सहयोग के जरिए विकास की नई संभावनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दे रही हैं.


ये भी पढ़ें: “मन अत्यंत व्यथित है…” मालवीय नगर के रेस्टोरेंट में 21 लोगों की मौत पर गृह मंत्री अमित शाह ने जताया गहरा शोक


अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी की मुलाकात

भारत यात्रा के दौरान रबि लामिछाने ने मंगलवार को कई वरिष्ठ भारतीय नेताओं से भी मुलाकात की. इनमें एस. जयशंकर और अमित शाह शामिल हैं. इन बैठकों में नेपाल-भारत संबंधों, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, सुरक्षा सहयोग और दोनों देशों के राजनीतिक दलों के बीच संवाद बढ़ाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ.

लामिछाने ने इन मुलाकातों को उपयोगी और सकारात्मक बताया. उनकी टीम 5 जून को नेपाल वापस लौटेगी. यह दौरा दोनों देशों के बीच आपसी विश्वास और सहयोग को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read