Bharat Express DD Free Dish

वायरल ऑडियो मामले में पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ गिरफ्तार, देहरादून पुलिस का बड़ा एक्शन

Ankita Bhandari Case: अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वायरल ऑडियो मामले में पूर्व बीजेपी विधायक सुरेश राठौड़ को हरिद्वार के बुग्गावाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है. डालनवाला थाने में दर्ज मुकदमे के आधार पर देहरादून पुलिस, एसओजी और हरिद्वार पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की.

Ankita Bhandari case viral audio

Ankita Bhandari case viral audio

Ankita Bhandari case viral audio: अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वायरल ऑडियो मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीजेपी से निष्कासित नेता और पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ को हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के अनुसार, देहरादून पुलिस ने हरिद्वार जिले के बुग्गावाला क्षेत्र में एसओजी और हरिद्वार पुलिस की संयुक्त टीम के साथ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया.

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई उन कथित ऑडियो क्लिप्स को लेकर की गई है, जो पिछले दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थीं. इन ऑडियो को अंकिता भंडारी हत्याकांड से जोड़कर वायरल किया गया था. मामले को गंभीरता से लेते हुए देहरादून के डालनवाला थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसके आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही थी.

अंकिता भंडारी हत्याकांड में पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ गिरफ्तार

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वायरल ऑडियो की सत्यता, उनके प्रसारण और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है. इसी क्रम में सुरेश राठौड़ का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उनसे पूछताछ की और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया. हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक गिरफ्तारी से संबंधित विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.गौरतलब है कि सुरेश राठौड़ हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक रह चुके हैं. वह लंबे समय तक क्षेत्रीय राजनीति में सक्रिय रहे हैं. हाल के वर्षों में विभिन्न विवादों को लेकर भी उनका नाम चर्चा में रहा है.

अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर वायरल की थी ऑडियो

उधर, इस पूरे मामले की पृष्ठभूमि में सहारनपुर निवासी अभिनेत्री उर्मिला सनावर द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए कई ऑडियो क्लिप्स हैं. उर्मिला ने इन ऑडियो को अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ा बताते हुए सार्वजनिक किया था. ऑडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था.

यह भी पढ़ें:रील्स की यह कैसी होड़: अजगर के ही मुंह में डाल दिया अपना सिर, VIDEO देख उड़ जाएंगे होश

पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी

अब पूर्व विधायक की गिरफ्तारी के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है.  पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है और वायरल सामग्री की सत्यता के साथ-साथ उससे जुड़े सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जाएगी. आने वाले दिनों में इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read