आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) के लिए 1 अगस्त का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज होने जा रहा है. राज्य को एयर कनेक्टिविटी की अब तक की सबसे बड़ी सौगात मिलने वाली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) विजयनगरम जिले में करीब 4,750 करोड़ की भारी-भरकम लागत से बने भव्य ‘भोगापुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ (अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट) का उद्घाटन करेंगे. इस शानदार ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के शुरू होते ही न सिर्फ नॉर्थ आंध्र की एयर कनेक्टिविटी को पंख लगेंगे, बल्कि रोजगार, पर्यटन और करोड़ों के निवेश की भी झड़ी लग जाएगी.
‘उड़ती मछली’ जैसा डिजाइन
विशाखापट्टनम (Vizag) से महज 60 किमी दूर बने इस एयरपोर्ट का पहला चरण GMR ग्रुप ने रिकॉर्ड 31 महीनों में तैयार किया है. 2,203 एकड़ में फैले इस हाई-टेक एयरपोर्ट का डिजाइन बेहद खास है. इसकी 78,000 वर्गमीटर की विशाल टर्मिनल बिल्डिंग को उत्तर आंध्र की संस्कृति को दर्शाते हुए ‘उड़ती हुई मछली (Flying Fish)’ का आकार दिया गया है.
पहले चरण में यह एयरपोर्ट सालाना 60 लाख यात्रियों को आसानी से संभाल सकेगा, जिसकी अधिकतम क्षमता भविष्य में 4 करोड़ यात्रियों तक बढ़ाई जा सकती है. एडवांस बैगेज सिस्टम, 20,000 मीट्रिक टन का कार्गो टर्मिनल और बड़े लाउंज इसे एक वर्ल्ड-क्लास हब बनाते हैं.
क्या बंद हो जाएगा पुराना विशाखापट्टनम एयरपोर्ट?
लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या भोगापुरम के शुरू होने से पुराना विशाखापट्टनम एयरपोर्ट बंद हो जाएगा? जवाब है- बिल्कुल नहीं. दरअसल, पुराना एयरपोर्ट भारतीय नौसेना के ‘INS Dega’ एयरबेस के साथ साझा किया जाता है, जिससे वहां नई कमर्शियल उड़ानों का विस्तार करना लगभग नामुमकिन था. अब बढ़ती यात्री संख्या और नई फ्लाइट्स का पूरा दबाव भोगापुरम एयरपोर्ट संभालेगा, जबकि पुराना एयरपोर्ट भी अपनी सीमित क्षमता में काम करता रहेगा.
ये भी पढ़ें: CWG में आधी रात को कमाल: 6 से 10 हुए भारत के मेडल, 4 ‘नाइट राइडर्स’ का धमाल; देखें मेडल टैली
हैदराबाद के शमशाबाद जैसी होगी तरक्की
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू (Chandrababu Naidu) ने इस प्रोजेक्ट को उत्तर आंध्र की किस्मत बदलने वाला मास्टरस्ट्रोक बताया है. उन्होंने कहा कि जिस तरह शमशाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने हैदराबाद के विकास में गेम-चेंजर की भूमिका निभाई थी, ठीक वैसे ही भोगापुरम एयरपोर्ट भी उत्तर आंध्र के टूरिज्म, आईटी, फार्मा और इंडस्ट्रियल सेक्टर में क्रांति लाएगा. एयरोड्रोम लाइसेंस मिलने और एयर इंडिया की सफल ट्रायल लैंडिंग के बाद, अब पूरे देश की नजरें 1 अगस्त की इस ‘ग्रैंड ओपनिंग’ पर टिकी हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


