Begusarai Elderly Murder Case
Begusarai Elderly Murder Case: बिहार के बेगूसराय जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. मैदा बभनगामा गांव में 70 वर्षीय आशो पासवान की कथित तौर पर पत्थर से सिर कुचलकर और चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. उनका शव खेत में बने मचान पर मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई.
खेत की रखवाली करने गए थे आशो पासवान
परिजनों के अनुसार, आशो पासवान गांव से करीब एक किलोमीटर दूर बहियार स्थित अपने खेत की रखवाली करने गए थे. मंगलवार सुबह जब लोग खेत की ओर पहुंचे तो उनका शव मचान पर पड़ा मिला. शव की हालत देखकर हत्या की आशंका जताई गई. घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है.
एसपी और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक मनीष, सदर डीएसपी-2 कुमारी दुर्गा शक्ति, वीरपुर थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार तथा एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया गया.
हत्या के कारणों की हर पहलू से हो रही जांच
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है. हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है. एफएसएल टीम की रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: न मेहंदी, न मेकअप, न डांस! जानें अफगानिस्तान में नए नियमों में कैसे होगी शादी?
परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर लगाया आरोप
मृतक के परिजनों ने गांव के कुछ युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि कुछ लोग अक्सर शराब पीकर बगीचे में आते थे और लड़कियों से छेड़छाड़ करते थे. आशो पासवान इसका विरोध करते थे, जिससे आरोपी उनसे नाराज रहते थे. परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश में उनकी हत्या की गई. हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचने की बात कही है.
जल्द खुलासे का दावा, गिरफ्तारी की मांग
फिलहाल पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ सभी तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों को खंगाल रही है. ग्रामीणों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



