Bharat Express DD Free Dish

बुमराह हुए बाहर! अब उनकी जगह कौन? श्रीलंका दौरे के लिए भारत के पास हैं ये तीन विकल्प

Jasprit Bumrah replacement: जसप्रीत बुमराह चोट के कारण श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं. जानें उनकी जगह किसे मिल सकता है मौका.

ind vs sl test

Jasprit Bumrah replacement: श्रीलंका दौरे से ठीक पहले भारतीय टेस्ट टीम को बड़ा झटका लगा है. टीम के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं. लंबे समय से फिटनेस से जूझ रहे बुमराह अभी भी अपने बाएं घुटने में परेशानी महसूस कर रहे हैं. यही वजह है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की मेडिकल टीम ने किसी तरह का जोखिम उठाने के बजाय उन्हें आराम देने का फैसला किया है.

शुरुआती योजना यह थी कि बुमराह को 23 अगस्त से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट तक फिट कर लिया जाएगा, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद यह साफ हो गया कि जल्दबाजी करना सही नहीं होगा. ऐसे में अब चयनकर्ताओं के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि उनकी जगह किसे मौका दिया जाए. आकाश दीप अभी पूरी तरह चोट से उबर नहीं पाए हैं, जबकि मोहम्मद शमी की फिटनेस और उपलब्धता को लेकर भी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है. ऐसे में तीन ऐसे तेज गेंदबाज हैं, जिनके नाम सबसे आगे माने जा रहे हैं.

आकिब नबी बन सकते हैं मजबूत दावेदार

जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी पिछले कुछ समय से लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. घरेलू क्रिकेट में उनकी गेंदबाजी ने सभी का ध्यान खींचा है. 2025-26 रणजी ट्रॉफी सीजन में उन्होंने 60 विकेट लेकर अपनी टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी. यही प्रदर्शन उन्हें राष्ट्रीय टीम के दरवाजे तक ले आया है.

हाल ही में आकिब नबी इंडिया-ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर भी गए थे. वहां खेले गए दो अनऑफिशियल टेस्ट मैचों में उन्होंने छह विकेट हासिल किए. श्रीलंका की परिस्थितियों का अनुभव और लगातार अच्छा प्रदर्शन उन्हें बुमराह के विकल्प के तौर पर मजबूत दावेदार बनाता है.

यश ठाकुर के पास भी सुनहरा मौका

विदर्भ के तेज गेंदबाज यश ठाकुर भी इस दौड़ में पीछे नहीं हैं. वह भी इंडिया-ए टीम के साथ श्रीलंका गए थे और वहां पांच विकेट लेने में सफल रहे. 27 वर्षीय यश ने अब तक 32 फर्स्ट क्लास मैचों में 93 विकेट अपने नाम किए हैं.

यश की खासियत उनकी तेज गति और उछाल हासिल करने की क्षमता है. वह ऐसी पिचों पर भी प्रभाव छोड़ सकते हैं जहां तेज गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिलती. उन्होंने हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे पर भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था और दो मुकाबलों में चार विकेट लेकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था. यही वजह है कि चयनकर्ता उन्हें भी गंभीरता से देख रहे हैं.

अंशुल कम्बोज भी रेस में शामिल

हरियाणा के युवा तेज गेंदबाज अंशुल कम्बोज पहले ही भारत के लिए टेस्ट डेब्यू कर चुके हैं. इंग्लैंड दौरे पर ओल्ड ट्रैफर्ड में उन्हें पहली बार टेस्ट कैप मिली थी. हालांकि उनका पहला मुकाबला उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और उन्होंने 18 ओवर में सिर्फ एक विकेट लिया. इसके बावजूद टीम प्रबंधन ने उनके कौशल पर भरोसा बनाए रखा.


ये भी पढ़ें: CWG 2026 में भारत ने गाड़े झंडे, 31% रहा सक्सेस रेट; आंकड़ों में देखें 2022 के मुकाबले कितना बेहतर?


अंशुल ने इसके बाद घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में दमदार वापसी की. आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने 14 मैचों में 21 विकेट हासिल किए. इसके अलावा वह इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच खेले गए रेड-बॉल मुकाबले का भी हिस्सा रहे. रणजी ट्रॉफी में एक पारी में सभी 10 विकेट लेने का दुर्लभ कारनामा भी उनके नाम दर्ज है, जो उनकी क्षमता को साबित करता है.

किसे मिलेगी जगह?

अब सबकी नजर भारतीय चयनकर्ताओं के फैसले पर होगी. बुमराह जैसे अनुभवी और मैच जिताऊ गेंदबाज की कमी पूरी करना आसान नहीं है, लेकिन आकिब नबी, यश ठाकुर और अंशुल कम्बोज जैसे युवा तेज गेंदबाजों के पास खुद को साबित करने का बड़ा अवसर जरूर है. श्रीलंका दौरे के लिए चुना गया यह फैसला सिर्फ मौजूदा सीरीज ही नहीं, बल्कि भारत की भविष्य की तेज गेंदबाजी इकाई की दिशा भी तय कर सकता है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read