Bharat Express DD Free Dish

यमुना एक्सप्रेसवे पर करोड़ो की लूट का हुआ खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार; एक की तलाश जारी

ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर ज्वेलरी व्यापारी से हुई एक करोड़ 28 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है.

ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर हुई बड़ी लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. दिल्ली से आगरा जा रहे एक ज्वेलरी व्यापारी की कार को रोककर बदमाशों ने करीब एक करोड़ 28 लाख रुपये कीमत की सोने और चांदी की ज्वेलरी लूट ली थी. घटना के तीन दिन बाद ही बीटा-2 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से लूटी गई पूरी ज्वेलरी बरामद कर ली गई है. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा और वह गाड़ी भी बरामद की गई है, जिसका इस्तेमाल बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम देने में किया था.

ओवरटेक कर कार को बनाया था निशाना

जानकारी के अनुसार, ज्वेलरी व्यापारी दिल्ली से आगरा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान यमुना एक्सप्रेसवे पर बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया और उसे रुकवा लिया. इसके बाद हथियारों के बल पर व्यापारी से लाखों रुपये की कीमत की ज्वेलरी लूट ली गई और आरोपी मौके से फरार हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की गई. पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी मदद के जरिए बदमाशों की पहचान की. लगातार प्रयास के बाद पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली.

एक आरोपी अभी भी फरार

पुलिस ने बताया कि इस वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है. उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है.

ग्रेटर नोएडा पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एक्सप्रेसवे और प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है.

इस पूरे मामले को लेकर भारत एक्सप्रेस के संवाददाता समीर आलम ने डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम से खास बातचीत की. डीसीपी ने बताया कि पुलिस की टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए लूट की इस वारदात का खुलासा किया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. बरामदगी के आधार पर आगे की जांच जारी है.

ये भी पढ़ें: हरभजन सिंह ने की पीएम मोदी और अमित शाह से मुलाकात, पंजाब में खेलों और युवाओं के मुद्दों पर हुई चर्चा

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read