Nagaland Spurious Liquor Deaths: नागालैंड से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आ रही है. राज्य के दो अलग-अलग जिलों में कथित तौर पर जहरीली और मिलावटी शराब (Spurious Liquor) पीने से पिछले दो दिनों में 19 लोगों की मौत हो चुकी है. इस बड़ी त्रासदी के बाद राज्य प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है और अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है.
मोकोकचुंग और तुएनसांग में गई लोगों की जान (Nagaland liquor tragedy)
रिपोर्ट के अनुसार, यह दुखद घटना राज्य के मोकोकचुंग और तुएनसांग जिलों में घटी है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोकोकचुंग जिले में 8 लोगों की मौत हुई है, जबकि तुएनसांग जिले में 11 लोगों ने अपनी जान गंवाई है. प्रारंभिक तौर पर इन सभी मौतों का कारण संदिग्ध अवैध और मिलावटी शराब का सेवन बताया जा रहा है.
जांच के लिए भेजे गए सैंपल (Nagaland Police SIT)
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वेसुप्रा केजो ने शनिवार को जानकारी दी कि इस पूरे मामले की तह तक जाने के लिए एएसपी आई. बुंगलांग चांग के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है. यह टीम इस अवैध शराब की सप्लाई चेन और इसके मुख्य स्रोतों का पता लगाने में जुटी है. इसके अलावा, शराब के नमूनों को फॉरेंसिक जांच के लिए गुवाहाटी भेजा गया है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि शराब में कौन सा जहरीला पदार्थ मिला हुआ था.
शराबबंदी वाले राज्य में कैसे पहुंचा जहर? (illegal liquor seized Nagaland)
गौरतलब है कि नागालैंड में साल 1990 से पूर्ण शराबबंदी लागू है. ऐसे में कड़े प्रतिबंधों के बावजूद राज्य के भीतर इतनी बड़ी मात्रा में अवैध और जहरीली शराब लोगों तक कैसे पहुँची, यह सबसे बड़ा और गंभीर सवाल बना हुआ है. घटना के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए करीब 3,000 शराब की बोतलें जब्त की हैं और 19 लोगों को हिरासत में लिया है.
ये भी पढ़ें: छत से कूदने से पहले कमरे में क्या हुआ था? प्रेमानंद महाराज के शिष्य की मौत बनी मिस्ट्री
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात या बिना लेबल वाली संदिग्ध शराब का सेवन न करें और चक्कर आना, धुंधला दिखाई देना या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




