संदिग्ध ड्रोन और हेरोइन का पैकेट
Amritsar Border Drone Seizure: पंजाब में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सुरक्षा एजेंसियों को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. अमृतसर के सीमावर्ती इलाके में बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) ने एक सर्च ऑपरेशन के दौरान प्रतिबंधित ड्रोन और करीब 1 किलो हेरोइन बरामद की है. यह बरामदगी राजाताल इलाके में स्थित बीओपी (BOP) के पास की गई है, जिससे यह साफ होता है कि सीमा पार से एक बार फिर नशे की खेप भेजने की नापाक कोशिश की गई थी.
मिला संदिग्ध पैकेट और ड्रोन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीएसएफ की 181 बटालियन की डी कंपनी के जवान सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त और तलाशी अभियान चला रहे थे. इसी दौरान उन्हें एक संदिग्ध पैकेट लावारिस हालत में मिला. जब जवानों ने उस पैकेट की गहन जांच की, तो उसके अंदर से लगभग एक किलोग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई.
इसके साथ ही पैकेट के पास से एक छोटा ड्रोन और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्रियां भी मिलीं. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस ड्रोन का इस्तेमाल सीमा पार से भारतीय सीमा में नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए किया जा रहा था.
अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
इस मामले में बीएसएफ की 181 बटालियन की डी कंपनी के कमांडर सुनील कुमार की शिकायत पर स्थानीय पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 21, 61 और 85 के साथ-साथ भारतीय वायुयान अधिनियम 2024 की धारा 25, 26 और 29 के तहत कार्रवाई की गई है.
ये भी पढ़ें: 27 सितंबर के अलावा इतिहास में कब-कब और क्यों रविवार को खुले बैंक?
फिलहाल पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह ड्रोन पाकिस्तान की ओर से किस लोकेशन से उड़ाया गया था, इसे कौन संचालित कर रहा था और यह एक किलो हेरोइन की खेप सीमा के इस पार किस स्थानीय तस्कर तक पहुंचाई जानी थी. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आगे की तफ्तीश जारी है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
