दिल्ली में कितना सस्ता हुआ सोना-चांदी?
Delhi Gold Price Today: फेस्टिवल शुरू होने से पहले ही दिल्ली के बाजार से सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए खुशखबरी आ गई है. राजधानी में सोने के रेट में जोरदार गिरावट आई है और भाव फिर से डेढ़ लाख के आसपास पहुंच गए हैं. जानकारों का कहना है कि अगर मार्केट का यही रुख रहा तो मंगलवार को कीमत और भी नीचे जा सकती है. चांदी ने तो सोने से भी बड़ी छलांग लगाते हुए एक ही दिन में 5 हजार रुपए तक का गोता लगाया है. हालांकि इससे पहले शुक्रवार को सोने में चार दिन बाद हल्की तेजी देखी गई थी.
दिल्ली में कितना सस्ता हुआ सोना-चांदी
सोमवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोने का भाव 2600 रुपए टूट गया. गिरावट के बाद 99.9% वाला शुद्ध सोना 1 लाख 50 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है. इससे एक दिन पहले यानी शनिवार को इसका क्लोजिंग प्राइस 1 लाख 52 हजार 600 रुपए था. सोने के साथ चांदी की चमक भी फीकी पड़ी है. चांदी का भाव 5000 रुपए धड़ाम होकर 2 लाख 32 हजार रुपए प्रति किलो पर आ गया है, जिसमें सारे टैक्स शामिल हैं. शुक्रवार को चांदी 2 लाख 37 हजार पर बंद हुई थी.
डॉलर की मजबूती और कच्चे तेल का असर
बाजार एक्सपर्ट बता रहे हैं कि सोना-चांदी टूटने के पीछे कई ग्लोबल कारण हैं. Lemonn के रिसर्च हेड गौरव गर्ग के मुताबिक अमेरिकी डॉलर लगातार मजबूत हो रहा है, जिससे कीमती धातुओं पर दबाव बन रहा है. दूसरी तरफ कच्चे तेल में भी उछाल आया है. ब्रेंट क्रूड का दाम 4 प्रतिशत बढ़कर 108.53 डॉलर प्रति बैरल हो गया है. अमेरिका और ईरान के बीच फिर से तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर सप्लाई रुकने के डर से तेल महंगा हुआ है. इसका सीधा असर गोल्ड पर पड़ा है. इंटरनेशनल मार्केट में स्पॉट गोल्ड 128.93 डॉलर टूटकर 4156.44 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी 2.96 डॉलर गिरकर 61.34 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही है.
ये भी पढ़ें-
ट्रंप ने ठुकराया ईरान का ऑफर
कीमती धातुओं में इस गिरावट की एक और बड़ी वजह अमेरिका-ईरान की राजनीति है. Mudrex के लीड एनालिस्ट अक्षत सिद्धांत ने बताया कि डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के एक प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया, जिसके बाद सोना 4200 डॉलर के नीचे आ गया. दरअसल ईरान ने कहा था कि अगर अमेरिका अपनी नौसैनिक नाकेबंदी हटाता है तो वह एक हफ्ते में होर्मुज जलडमरूमध्य खोल देगा और परमाणु बातचीत के लिए तैयार है. वहीं ईरान ने साफ किया कि UN की बैठक में अमेरिकी दल से मिलने का कोई प्लान नहीं है, जबकि ट्रंप ने कहा था कि उन्हें बातचीत की उम्मीद है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

