दिल्ली से मानसून की विदाई!
Monsoon Withdrawal: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे देश में मौसम का रंग बदलने लगा है. अब बरसात का सीजन धीरे-धीरे विदा ले रहा है. उत्तर-पश्चिम भारत से मॉनसून लौट रहा है. मौसम विभाग की सैटेलाइट फोटो में ये बदलाव बिल्कुल साफ दिख रहा है. तस्वीरों में उत्तर और मध्य भारत के आसमान में बादल कम होते दिख रहे हैं. बादल छंट रहे हैं और धूप निकलने लगी है, जिससे मौसम खुला-खुला लग रहा है.
बारिश का दौर खत्म नहीं, पर सिस्टम बदल रहे हैं
एक तरफ मॉनसून पीछे हट रहा है तो दूसरी तरफ दूसरे वेदर सिस्टम अभी भी एक्टिव हैं. मौसम वैज्ञानिक नवदीप दहिया ने एक्स पर पोस्ट करके बताया कि मॉनसून की वापसी शुरू हो गई है. इस हफ्ते उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में मौसम ज्यादातर साफ और सूखा रहेगा. 6 अक्टूबर के बाद उत्तर भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस आ सकता है, जिससे फिर से मौसम में हलचल हो सकती है. IMD के मुताबिक मॉनसून की विदाई वाली लाइन अभी गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया से होते हुए अरब सागर की तरफ जा रही है.
दिल्ली से मॉनसून तय समय से पहले गया
मॉनसून ने इस बार 19 सितंबर के आसपास पश्चिमी राजस्थान से लौटना शुरू किया था. 23 सितंबर को ये दिल्ली से निकल गया. राजधानी में इस बार मॉनसून अपनी नॉर्मल डेट 25 सितंबर से दो दिन पहले ही खत्म हो गया. यानी दिल्ली वालों को इस बार मॉनसून ने जल्दी बाय-बाय कह दिया. पिछले कुछ दिनों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस और बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर की वजह से अच्छी बारिश हुई थी, लेकिन अब वो दौर खत्म होता दिख रहा है.
सैटेलाइट तस्वीरों में क्या दिख रहा है?
लेटेस्ट सैटेलाइट तस्वीरें बताती हैं कि देश का बड़ा हिस्सा अब सूखा दिख रहा है. उत्तर-पश्चिम भारत में अब वो घने बादल नहीं हैं जो बारिश के दिनों में दिखते थे. वहीं पूर्वी और दक्षिणी भारत में अभी भी बादल बने हुए हैं और वहां बारिश का सिलसिला जारी है. इसका मतलब ये है कि मॉनसून की विदाई पूरे देश में एक साथ नहीं हो रही है. उत्तर-पश्चिम में असर कम हो गया है, लेकिन बाकी जगहों पर अभी भी मॉनसून एक्टिव है.
Latest satellite animation pic.twitter.com/HCYNpqjYG6
— India Meteorological Department (@Indiametdept) September 29, 2026
इस हफ्ते कहां होगी बारिश, कहां रहेगा साफ मौसम?
मौसम विभाग ने इस हफ्ते के लिए अलग-अलग राज्यों का अपडेट दिया है. दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के लिए इस हफ्ते कोई बारिश का अलर्ट नहीं है. इससे साफ है कि यहां से मॉनसून जा चुका है. इन राज्यों में अब मौसम साफ और खुश्क रहेगा. वहीं पूर्वी भारत और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में अभी भी बारिश होने की संभावना है. वहां अभी मॉनसून की आखिरी बारिश बाकी है.
पूरी तरह से कब जाएगा मॉनसून?
IMD का कहना है कि मॉनसून की पूरी वापसी का पता हवाओं की दिशा बदलने, नमी कम होने और मौसम के लगातार सूखा रहने से चलता है. देश से मॉनसून पूरी तरह 1 अक्टूबर के बाद ही जाता है. उस समय तक हवाओं का पैटर्न दक्षिण-पश्चिमी हवाओं से हट जाता है. इसलिए भले ही अभी आसमान साफ दिख रहा हो, लेकिन ये कहना गलत होगा कि मॉनसून पूरे देश से खत्म हो गया है. अभी इसे पूरी तरह जाने में कुछ दिन और लगेंगे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


