Bharat Express DD Free Dish

न एक्टिंग की कमाई, न कोई बड़ा प्लान…600 मिलियन डॉलर का बिजनेस; पूरी कमाई जरूरतमंदों को कर दी दान

Paul Newman Charity: हॉलीवुड एक्टर पॉल न्यूमैन ने 1982 में दोस्तों को गिफ्ट देने के लिए बनाई सलाद ड्रेसिंग को बिजनेस में बदला और मुनाफा दान करने का फैसला किया. 2022 तक इस पहल से 600 मिलियन डॉलर से ज्यादा दान किए जाने का दावा किया गया, वहीं उनकी बेटियां आज भी इस विरासत को आगे बढ़ा रही हैं.

 Paul Newman Charity

 Paul Newman Charity- bharat express

 Paul Newman Charity: हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता पॉल न्यूमैन सिर्फ अपनी फिल्मों और अभिनय के लिए ही याद नहीं किए जाते, बल्कि जरूरतमंदों की मदद के लिए भी उनका नाम खास तौर पर लिया जाता है. 1982 में दोस्तों को क्रिसमस गिफ्ट के तौर पर दी जाने वाली सलाद ड्रेसिंग से शुरू हुआ उनका छोटा-सा प्रयोग आगे चलकर एक बड़े बिजनेस में बदल गया. इस बिजनेस से होने वाला मुनाफा उन्होंने अपने लिए रखने के बजाय सामाजिक कार्यों में लगाने का फैसला किया.

दोस्तों को गिफ्ट देने के लिए बनाते थे सलाद ड्रेसिंग

पॉल न्यूमैन और उनके दोस्त ए.ई. हॉटचनर घर पर सलाद ड्रेसिंग तैयार किया करते थे. इसे वे क्रिसमस के मौके पर दोस्तों और करीबियों को गिफ्ट में देते थे. ड्रेसिंग का स्वाद लोगों को इतना पसंद आया कि कई लोग इसे खरीदने की जगह पूछने लगे कि यह बाजार में कहां मिलती है. यहीं से न्यूमैन के इस शौक को बिजनेस में बदलने का विचार आया और 1982 में इसे व्यावसायिक रूप दिया गया.

पहले दिन से तय था- मुनाफा नहीं रखेंगे

न्यूमैन ने शुरुआत में ही तय कर लिया था कि इस बिजनेस से होने वाला मुनाफा निजी कमाई नहीं बनेगा. हर साल का प्रॉफिट जरूरतमंदों और सामाजिक कार्यों के लिए दान किया जाएगा. न्यूमैन की फाउंडेशन के मुताबिक, बिजनेस के शुरुआती साल में ही करीब 3 लाख डॉलर का मुनाफा हुआ था. इसके बाद कंपनी का काम बढ़ता गया और उसके साथ सामाजिक मदद का दायरा भी बढ़ता गया.

40 साल में दान किए 600 मिलियन डॉलर से ज्यादा

2022 में बिजनेस के 40 साल पूरे होने पर न्यूमैन की फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि इस पहल के जरिए 600 मिलियन डॉलर से ज्यादा की रकम दान की जा चुकी थी. भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 57 अरब रुपये से अधिक बैठती है. न्यूमैन खास तौर पर बीमार और जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए जाने जाते थे. उनके सामाजिक कामों का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना भी था.

न्यूमैन के बाद भी जारी है मदद का सिलसिला

पॉल न्यूमैन ने 2005 में अपनी फाउंडेशन की स्थापना की थी, ताकि उनके सामाजिक कार्य उनके निधन के बाद भी जारी रह सकें. 2008 में 83 साल की उम्र में उनका निधन हो गया, लेकिन उनके बिजनेस से होने वाला सामाजिक योगदान रुका नहीं. अब उनकी बेटियां नेल और मेलिसा इस विरासत को आगे बढ़ाने से जुड़ी जिम्मेदारियां संभाल रही हैं. इस तरह दोस्तों के लिए बनाए गए एक छोटे से क्रिसमस गिफ्ट से शुरू हुआ काम आज भी जरूरतमंदों की मदद का जरिया बना हुआ है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read