Bharat Express DD Free Dish

राज्यसभा चुनाव में सपा का बड़ा दांव, अखिलेश यादव ने इन दो नेताओं पर जताया भरोसा; बनाया उम्मीदवार

UP Rajya Sabha Election: यूपी की 10 राज्यसभा सीटों के चुनाव में सपा ने रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी को उम्मीदवार बनाया है. दोनों ने अखिलेश यादव की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया.

UP Rajya Sabha Election 2026

समाजवादी पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपने दो उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया

UP Rajya Sabha Election 2026: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने बुधवार (30 सितंबर) को अपने दो उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया. पार्टी ने वरिष्ठ नेता और मौजूदा राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव (Ram Gopal Yadav) के साथ धनराज परिमल नथवानी (Dhanraj Parimal Nathwani) को उम्मीदवार बनाया है. दोनों उम्मीदवार आज ही अपना नामांकन दाखिल करेंगे.

रामगोपाल यादव पर सपा ने फिर जताया भरोसा

समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर रामगोपाल यादव को राज्यसभा भेजने का फैसला किया है. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल रामगोपाल यादव लंबे समय से संसद में सपा का प्रमुख चेहरा रहे हैं. सदन के भीतर पार्टी की रणनीति और संसदीय मामलों को लेकर उनकी भूमिका अहम मानी जाती है.

रामगोपाल यादव, सपा के संस्थापक और दिवंगत मुलायम सिंह यादव के भाई हैं. पार्टी में उनका अनुभव काफी पुराना है और वे कई बार राज्यसभा के सदस्य रह चुके हैं. ऐसे में सपा ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें उच्च सदन के लिए उम्मीदवार बनाया है.

धनराज परिमल नथवानी भी मैदान में

सपा ने दूसरे उम्मीदवार के तौर पर धनराज परिमल नथवानी का नाम सामने रखा है. धनराज परिमल नथवानी कारोबारी क्षेत्र से जुड़े हैं और रिलायंस समूह से उनका संबंध बताया जाता है. उनके पिता परिमल नथवानी भी राज्यसभा सांसद हैं. कुछ महीने पहले ही वे झारखंड से राज्यसभा पहुंचे हैं.

धनराज परिमल नथवानी गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं. उनके नाम के ऐलान के साथ ही राज्यसभा चुनाव में सपा की रणनीति को लेकर चर्चा शुरू हो गई है.

राज्यसभा की 10 सीटों पर चुनाव

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो चुकी है. इसी के तहत उम्मीदवारों के नामांकन की प्रक्रिया चल रही है. सपा ने बुधवार को अपने दो उम्मीदवारों के नाम सार्वजनिक किए.


ये भी पढ़ें: कांग्रेस की CWC मीटिंग में इस नेता ने क्यों लिया नीतीश कुमार का नाम, सोनिया गांधी ने क्या कहा?


जानकारी के मुताबिक, भाजपा की ओर से आठ और समाजवादी पार्टी की ओर से चार नामांकन पत्र लिए गए हैं. अब आने वाले दिनों में तस्वीर और साफ होगी कि चुनाव मैदान में कितने उम्मीदवार उतरते हैं. फिलहाल सपा ने रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी के नाम पर अपना दांव स्पष्ट कर दिया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read