Bharat Express DD Free Dish

पेशी पर आ रही ओडिशा पुलिस पर हमला, फायरिंग कर NDPS आरोपी को फिल्मी अंदाज में छुड़ाया

रीवा-सीधी सीमा की छुहिया घाटी में मंगलवार को बदमाशों ने ओडिशा पुलिस की टीम पर हमला कर एनडीपीएस एक्ट के आरोपी आदित्य मिश्रा को हिरासत से छुड़ा लिया.

रिपोर्ट- शकील अहमद शेख़ी


रीवा-सीधी सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में मंगलवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हथियारों से लैस बदमाशों के एक समूह ने ओडिशा पुलिस की टीम को बीच रास्ते में घेर लिया. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पुलिस वाहन को रोककर जवानों पर हमला किया और पुलिस हिरासत में मौजूद एनडीपीएस एक्ट के आरोपी आदित्य मिश्रा को अपने साथ लेकर फरार हो गए.

घटना दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, ओडिशा पुलिस की टीम आदित्य मिश्रा को ओडिशा से रीवा जिला न्यायालय में पेशी के लिए लेकर आ रही थी. पुलिस वाहन जब छुहिया घाटी से गुजर रहा था, तभी चार लग्जरी गाड़ियों में सवार करीब एक दर्जन बदमाशों ने उसका पीछा करते हुए अचानक रास्ता रोक लिया.

पहले आंखों में डाला तीखा स्प्रे

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने बेहद योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया. पुलिस वाहन को घेरने के बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च या पेपर स्प्रे जैसा कोई तेज रसायन छिड़क दिया. अचानक आंखों में तेज जलन होने के कारण जवान कुछ देर के लिए असहज हो गए.

इसी मौके का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने बेसबॉल बैट से पुलिस वाहन पर हमला कर दिया. वाहन के शीशे तोड़ दिए गए. घटना के दौरान दहशत फैलाने के लिए तीन राउंड फायरिंग किए जाने की भी जानकारी सामने आई है.

आठ पुलिसकर्मी थे मौजूद

इस पूरी घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं. बताया जा रहा है कि आरोपी को ले जा रही पुलिस टीम में आठ जवान मौजूद थे और उनके पास सरकारी हथियार भी थे. इसके बावजूद बदमाश पुलिस के कब्जे से आरोपी को छुड़ाने में कामयाब रहे और मौके से निकल गए.

वारदात के बाद बदमाशों की गाड़ियों को मैहर की ओर जाते हुए देखे जाने की सूचना मिली है. घटना की खबर मिलते ही सीधी के एसपी संतोष कोरी सहित रीवा और सीधी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए.

रीवा, सीधी और मैहर में पुलिस अलर्ट

घटना के बाद तीनों जिलों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है. सीमावर्ती इलाकों के साथ-साथ प्रमुख रास्तों और टोल प्लाजा पर भी निगरानी बढ़ाई गई है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की गाड़ियों और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके.

फिलहाल मध्य प्रदेश पुलिस और ओडिशा पुलिस के बीच समन्वय बनाकर फरार आरोपी आदित्य मिश्रा और उसे छुड़ाकर ले जाने वाले बदमाशों की तलाश की जा रही है. पुलिस अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही घटना से जुड़े सुराग जुटा रही है.

ये भी पढ़ें-विपक्षी दलों का 2-8 अक्टूबर तक देशभर में प्रदर्शन, 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग घेरेंगे, I.N.D.I.A. ब्लॉक का फैसला

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read