दिल्ली में 11 मेट्रो स्टेशन बंद
Delhi Metro Stations Closed: आज जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था एकदम टाइट कर दी गई है. भीड़ को कंट्रोल करने और सेंट्रल दिल्ली में हालात सामान्य बनाए रखने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने सुरक्षा एजेंसियों के कहने पर बड़ा एक्शन लिया है. इसके साथ ही ट्रैफिक को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है. DMRC ने यात्रियों के लिए सूचना जारी करते हुए बताया है कि दिल्ली के 11 सबसे बिजी मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट को अगली सूचना तक पूरी तरह से बंद कर दिया गया है.
ये 11 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक रहेंगे बंद
जिन स्टेशनों को बंद किया गया है, उनकी लिस्ट इस प्रकार है. जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली. इन सभी 11 स्टेशनों पर किसी भी गेट से यात्री न तो प्लेटफॉर्म से बाहर निकल सकेंगे और न ही बाहर से स्टेशन के अंदर जा सकेंगे.
4 बड़े स्टेशनों पर मिलेगी इंटरचेंज की सुविधा
लंबी दूरी का सफर करने वाले लोगों को परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखा गया है. DMRC ने साफ किया है कि भले ही एंट्री-एग्जिट बंद है, लेकिन 4 मुख्य स्टेशनों पर मेट्रो लाइन बदलने की सुविधा पहले की तरह चलती रहेगी. ये स्टेशन हैं – राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय. इन स्टेशनों के अंदर आप एक लाइन से उतरकर दूसरी लाइन की मेट्रो पकड़ सकते हैं, लेकिन स्टेशन से बाहर सड़क पर निकलने की इजाजत किसी को नहीं होगी.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और लुटियंस जोन के आसपास की सड़कों पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस और उसके आसपास के चौराहों पर ट्रैफिक को कंट्रोल करने के लिए डायवर्जन और रेगुलेशन लागू कर दिया है, जिससे जाम की स्थिति बन रही है.
इन सड़कों पर जाने से बचें, लग सकता है जाम
जंतर-मंतर रोड और संसद मार्ग पर असर सबसे ज्यादा है. जंतर-मंतर रोड को गाड़ियों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है, जबकि संसद मार्ग पर जगह-जगह बैरिकेड लगा दिए गए हैं. कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल से पटेल चौक और जीपीओ की तरफ जाने वाली गाड़ियों को पुलिस दूसरे रास्तों पर भेज रही है. टॉल्स्टॉय मार्ग, अशोका रोड, जीपीओ और कस्तूरबा गांधी मार्ग पर जंतर-मंतर की तरफ आने वाली सड़कों पर गाड़ियों का बहुत ज्यादा लोड है और जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक को वहीं रोका भी जा सकता है. इसके अलावा आज गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती होने की वजह से राजघाट, आईटीओ, दिल्ली गेट और रिंग रोड पर सुबह से ही स्पेशल ट्रैफिक डायवर्जन लगाया गया है.
पूरे इलाके में धारा 163 लागू, 5 लोगों के इकट्ठा होने पर रोक
नई दिल्ली जिला पुलिस प्रशासन ने जंतर-मंतर, संसद मार्ग और कनॉट प्लेस सब-डिविजन में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 जो पहले धारा 144 थी, लागू कर दी है. इस इलाके में किसी भी तरह का जुलूस, धरना, प्रदर्शन, भड़काऊ भाषण और नारेबाजी करने पर पूरी तरह पाबंदी है. बिना पहले से लिखित परमिशन लिए 5 या उससे ज्यादा लोगों के एक जगह जमा होने पर भी रोक लगा दी गई है. लाठी, डंडे, बैनर, पोस्टर, भाला या कोई भी संदिग्ध चीज लेकर चलने पर मनाही है. दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के बॉर्डर पर बैरिकेडिंग करके हर गाड़ी की सघन चेकिंग की जा रही है.
ये भी पढ़ें-ट्रक या 5-स्टार महल? 2 करोड़ का केबिन, AC और लेदर सीट्स… इस ड्राइवर का जलवा देख उड़े लोगों के होश
घर से निकलने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
अगर आपको आज सेंट्रल दिल्ली, कनॉट प्लेस या नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की तरफ जाना है, तो घर से थोड़ा जल्दी और एक्स्ट्रा टाइम लेकर निकलें. आप रिंग रोड, सी-हेक्सागन यानी इंडिया गेट, और उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली को जोड़ने वाले बाहरी रास्तों का इस्तेमाल कर सकते हैं. मेट्रो से सफर करने से पहले DMRC की ऑफिशियल ऐप या उनके सोशल मीडिया पेज पर जाकर स्टेशनों का लेटेस्ट स्टेटस जरूर चेक कर लें. किसी भी ट्रैफिक से जुड़ी दिक्कत या इमरजेंसी होने पर आप दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन नंबर 1095 या 011-25844444 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन 8750871493 पर संपर्क कर सकते हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



