(AI IMAGE)
Aaj Ka Mausam: अक्टूबर की शुरुआत के साथ ही देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और लो प्रेशर एरिया के सक्रिय होने से 2 से 7 अक्टूबर के बीच दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और उत्तर भारत के राज्यों में झमाझम बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 2 से 7 अक्टूबर के बीच देश के विभिन्न हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. वहीं, 5 से 7 अक्टूबर के बीच दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे उत्तर भारतीय राज्यों में भी बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने के आसार हैं.
अक्टूबर के पहले हफ्ते में कई वेदर सिस्टम सक्रिय
अक्टूबर की शुरुआत के साथ ही देश भर में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है. एक तरफ जहां दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों से गुजर रही है, वहीं दूसरी तरफ उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और दक्षिण-पूर्वोत्तर भारत में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन सक्रिय हैं. इन मौसम प्रणालियों के मिले-जुले असर से 2 से 7 अक्टूबर 2026 के बीच देश के पूर्वी, दक्षिणी, पूर्वोत्तर और उत्तरी राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.
उत्तर भारत: दिल्ली-NCR और पहाड़ी राज्यों में 5 से 7 अक्टूबर के बीच बारिश
उत्तर भारत के मैदानी और पहाड़ी राज्यों में सप्ताह के उत्तरार्ध में मौसम बदलेगा. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 5 से 7 अक्टूबर के दौरान झमाझम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान हिमाचल और उत्तराखंड में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. वहीं, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली-NCR और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 6 और 7 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
दक्षिण भारत: केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में बहुत भारी बारिश का अनुमान
दक्षिण भारत के राज्यों में अक्टूबर के इस हफ्ते में बारिश की गतिविधियां सबसे अधिक रहेंगी. केरल, तटीय व दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और तटीय आंध्र प्रदेश में 2 से 7 अक्टूबर तक लगातार बारिश होने का अनुमान है. केरल और तमिलनाडु में 2 अक्टूबर को कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है. तटीय इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हवा के झोंके 60 किमी/घंटा तक पहुंचने की आशंका है.
पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत: सभी 7 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत के सभी सातों राज्यों- अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 2 से 7 अक्टूबर के बीच भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और झारखंड में भी 5 से 7 अक्टूबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ हवाएं चलने के आसार हैं. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.
यह भी पढ़ें-2 अक्टूबर 2026 का पंचांग: षष्ठी के बाद सप्तमी तिथि, जानें शुभ-अशुभ मुहूर्त और आज की पूरी गणना
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


