17 वर्षीय कुमकुम मोहोद ने भारत को दिलाया 17वां गोल्ड मेडल
Asian Games India 17th Gold Medal: एशियन गेम्स 2026 के आखिरी दिन भारत ने शानदार शुरुआत की है. महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में 17 वर्षीय युवा तीरंदाज कुमकुम मोहोद (Kumkum Mohod) ने दक्षिण कोरिया की ओह ये जिन को शूटऑफ में हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. इस जीत के साथ कुमकुम ने इतिहास रच दिया. एशियन गेम्स के इतिहास में वह महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय बन गई हैं.
देश को ऐसे मिला 17वां गोल्ड
कुमकुम और ओह ये जिन के बीच फाइनल मुकाबला शुरू से ही बेहद रोमांचक रहा. दोनों तीरंदाजों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली और तय राउंड के बाद मुकाबला शूटऑफ तक पहुंच गया. यहां कुमकुम ने अपना धैर्य बनाए रखा और निर्णायक निशाने पर बाजी मारते हुए देश को एक और गोल्ड दिला दिया.
सेमीफाइनल और क्वार्टर फाइनल में भी दिखा दम
सेमीफाइनल में भी कुमकुम का प्रदर्शन शानदार रहा था. उन्होंने चीन की झू जिंगयी को 6-2 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया था. इससे पहले क्वार्टर फाइनल में उन्होंने दक्षिण कोरिया की अनुभवी और मौजूदा विश्व चैंपियन कांग चेयॉन्ग को 6-4 से मात देकर बड़ा उलटफेर किया था. कांग को पूर्व ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता के तौर पर भी जाना जाता है.
कुमकुम का यह एशियन गेम्स अभियान एक और वजह से खास रहा. फाइनल में पहुंचते ही उन्होंने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के दो कोटा स्थानों में से एक हासिल कर लिया. यह कोटा व्यक्तिगत खिलाड़ी के बजाय देश को मिलता है,
इससे पहले कुमकुम महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में अंकिता भकत और कीर्ति शर्मा के साथ स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं. इसके बाद उन्होंने धीरज बोम्मदेवरा के साथ मिश्रित टीम स्पर्धा में रजत पदक भी हासिल किया. अब व्यक्तिगत स्पर्धा का यह ऐतिहासिक गोल्ड उनके शानदार अभियान में एक और बड़ी उपलब्धि बन गया है. आखिरी दिन सुबह ही इस जीत ने देश के खेमे में खुशी की लहर और बढ़ा दी है.
ये भी पढ़ें: Asian Games 2026 में खत्म हुआ 44 साल का सूखा: भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को 1-0 से मात देकर जीता गोल्ड मेडल
भारत के कुल 77 मेडल (India Medal Tally Asian Games 2026)
इस स्वर्ण के साथ भारत के एशियन गेम्स 2026 अभियान में गोल्ड मेडल की संख्या 17 हो गई है. वहीं, भारतीय दल के कुल पदकों की संख्या 77 तक पहुंच गई है. इनमें 17 स्वर्ण के अलावा 25 रजत और 35 कांस्य पदक शामिल हैं. तीरंदाजी में यह भारत का पांचवां गोल्ड मेडल है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

