हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी समेत बीजेपी के 48 विधायक पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे
PM Modi Haryana BJP Meeting: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता और पार्टी के सभी विधायक शनिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे. यह बैठक शाम के समय होने की संभावना है. माना जा रहा है कि मुलाकात के दौरान हरियाणा के राजनीतिक हालात के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों में पार्टी की तैयारियों और संगठन से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत हो सकती है.
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर खास तौर पर चर्चा संभव है. चुनाव से पहले पंजाब में भाजपा अपनी राजनीतिक गतिविधियां लगातार बढ़ा रही है. ऐसे में राज्य के मौजूदा राजनीतिक माहौल, संगठन की तैयारियों और आने वाले समय की रणनीति को लेकर भी प्रधानमंत्री के साथ चर्चा हो सकती है.
SIR को लेकर विपक्ष के अभियान पर भी नजर
वोटर लिस्ट के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ यानी SIR का मुद्दा भी बैठक में उठने की संभावना है. विपक्षी दल इस प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं और चुनाव आयोग पर आरोप लगा रहे हैं. भाजपा नेतृत्व इस मुद्दे पर पार्टी की राज्य इकाइयों की भूमिका और विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की रणनीति पर भी चर्चा कर सकता है.
हाल के दिनों में SIR को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हुई है. ‘इंडिया’ ब्लॉक के नेता चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ खुलकर विरोध दर्ज करा रहे हैं. शुक्रवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी सीईसी के इस्तीफे की मांग की थी.
हरियाणा के विधायकों से लिया जा सकता है फीडबैक
प्रधानमंत्री के साथ होने वाली इस मुलाकात को भाजपा के लिए संगठनात्मक फीडबैक के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है. हरियाणा के विधायक राज्य की जमीनी स्थिति, राजनीतिक गतिविधियों और संगठन से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रख सकते हैं. पार्टी नेतृत्व आगामी चुनावी चुनौतियों को देखते हुए तैयारियों पर भी चर्चा कर सकता है.
इस बीच भाजपा ने संगठन में भी बदलाव किए हैं. पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को सतीश पूनिया की जगह हरियाणा का पार्टी प्रभारी बनाया गया है. वहीं, पंजाब में भाजपा ड्रग्स, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर लगातार निशाना साध रही है. विधानसभा चुनाव से पहले इन मुद्दों को लेकर पार्टी की सक्रियता और बढ़ने की संभावना है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


