Sitamarhi Electric Shock Accident- bharat express
Sitamarhi Electric Shock Accident: बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. बैरगनिया प्रखंड के अख्ता पश्चिमी चकवा पंचायत के तकिया टोला, वार्ड नंबर-5 में खेत में बिछाए गए बिजली के नंगे तारों की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई. वहीं एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि खेत में जंगली सूअरों से धान की फसल बचाने के लिए लोहे के तारों का घेरा बनाया गया था. इन तारों में कथित तौर पर सीधे बिजली का करंट प्रवाहित किया जा रहा था. इसी घातक घेरे की चपेट में आने से एक के बाद एक तीन लोगों की जान चली गई.
भैंस की तलाश में खेत पहुंचे थे इस्लाम मंसूरी
जानकारी के मुताबिक, शनिवार तड़के करीब तीन बजे तकिया टोला निवासी मोहम्मद इस्लाम मंसूरी की भैंस खूंटे से खुल गई थी. भोर के अंधेरे और धुंधलके में इस्लाम अपनी भैंस की तलाश में घर से निकले और आसपास के खेतों की ओर चले गए. भैंस को तलाशते हुए वह गांव के ही इंदल पासवान के धान के खेत में पहुंच गए. खेत के चारों ओर लगे नंगे तार अंधेरे में उन्हें दिखाई नहीं दिए. जैसे ही वह तार के संपर्क में आए, उन्हें तेज करंट का झटका लगा. हादसा इतना गंभीर था कि इस्लाम मंसूरी की मौके पर ही मौत हो गई.
पति को बचाने पहुंची पत्नी, करंट ने उसे भी चपेट में लिया
काफी देर तक इस्लाम मंसूरी के घर नहीं लौटने पर उनकी पत्नी रुबैदा खातून परेशान हो गईं. वह अपने पति को तलाशते हुए खेत की ओर पहुंचीं. वहां उन्होंने इस्लाम को जमीन पर बेसुध पड़ा देखा. पति को बचाने और उठाने के प्रयास में रुबैदा खातून भी उसी करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आ गईं. देखते ही देखते वह भी बिजली की चपेट में आ गईं और मौके पर उनकी मौत हो गई. एक ही परिवार के पति-पत्नी की मौत से गांव में मातम पसर गया.
असमत अली की भी गई जान, एक व्यक्ति गंभीर
हादसे के दौरान गांव के ही असमत अली भी घटनास्थल पर पहुंचे. बताया जा रहा है कि वह भी घातक तार की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई. इस हादसे में एक अन्य व्यक्ति भी करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया. ग्रामीणों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
मौके पर मिले दो जंगली सूअरों के शव
घटना की जानकारी मिलते ही सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए. मौके पर तीन ग्रामीणों के शवों के अलावा दो जंगली सूअरों के शव भी मिले. इससे ग्रामीणों ने आशंका जताई कि फसल को जंगली सूअरों से बचाने या उनके शिकार के लिए खेत में बिजली का करंट प्रवाहित किया गया था.
पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों में आक्रोश
एक साथ तीन लोगों की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. ग्रामीणों का कहना है कि खेत में इस तरह खुले तौर पर करंट प्रवाहित करने से किसी भी व्यक्ति की जान जा सकती है. घटना को लेकर इलाके में तनाव और गम का माहौल है. सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है और खेत में बिजली के तार बिछाने के मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
