Delhi NCR Women Safety: दिल्ली-एनसीआर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक युवक ने अनोखा सोशल एक्सपेरिमेंट किया. साड़ी पहनकर और लड़की का गेटअप बनाकर वह देर रात नोएडा की सड़कों पर निकला, जिसके बाद उसके साथ जो हुआ उसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है.
इंस्टाग्राम यूजर धीरज शर्मा ने महिला सुरक्षा का रियलिटी टेस्ट करने के लिए साड़ी, विग और मेकअप लगाकर रात में नोएडा की सड़कों पर वॉक किया. इस दौरान कई कार और कैब चालकों ने न सिर्फ उसे अजीब नजरों से घूरा, बल्कि उसका पीछा भी किया और साथ बैठने का दबाव बनाया. अंत में युवक को अपने दोस्त की बाइक पर भागकर अपनी जान बचानी पड़ी. इस खौफनाक अनुभव के बाद यूजर्स ने देश में महिलाओं की सुरक्षा और घटते नैतिक मूल्यों पर चिंता जताई है.
रात में महिला सुरक्षा का अनोखा ‘रियलिटी टेस्ट’
दिल्ली-एनसीआर में महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं. इसी बीच एक युवक ने नोएडा में महिला सुरक्षा की जमीनी हकीकत परखने के लिए एक अनोखा सोशल एक्सपेरिमेंट किया. उसने खुद लड़की का रूप धारण किया और रात के सन्नाटे में अकेला नोएडा की सड़कों पर निकल गया.
View this post on Instagram
साड़ी और मेकअप के साथ सड़क पर उतरा युवक
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @dhiraj_sharmaa04 नाम के अकाउंट से यह वीडियो शेयर किया गया है. वीडियो में दिख रहा युवक पहले साड़ी पहनता है, फिर बालों की विग और मेकअप लगाकर पूरी तरह एक महिला का रूप ले लेता है. उसका गेटअप ऐसा था कि पहली नजर में कोई भी धोखा खा जाए. इसके बाद वह नोएडा की सड़कों पर टहलने निकल जाता है.
कैब और कार चालकों ने किया पीछा
सड़क पर उतरते ही युवक का सामना कड़वी सच्चाई से हुआ. सबसे पहले एक कैब चालक ने उसके पास गाड़ी धीमी की और उसे घूरने लगा. कुछ देर बाद एक निजी कार सवार उसके पास रुका और जिधर-जिधर युवक जाने लगा, कार वाला भी उसे फॉलो करने लगा. हद तो तब हो गई जब कार चालक ने गाड़ी आगे लगाकर उसे अंदर बैठने का इशारा किया.
दोस्त की बाइक पर सवार होकर भागा युवक
कैब और कार चालकों के अजीब व्यवहार से परेशान होकर युवक तेजी से दूसरी दिशा में भागने लगा. तभी उसका साथी बाइक लेकर वहां पहुंचा. जब वह महिला के गेटअप में ही बाइक पर बैठ रहा था, तब भी एक कैब वाला तेजी से उनकी तरफ आने लगा. युवक ने इस पूरे अनुभव को बेहद डरावना बताया और कहा कि रात के समय नोएडा में अकेली महिला का निकलना बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं है.
यह भी पढ़ें-43वीं मंजिल, बुक किया कमरा और फिर लगाई छलांग… नोएडा के सुपरनोवा में युवक की मौत; देखें VIDEO
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


