कैप्टन स्मित मच्छार पर हमले के पीछे ईरान
FlyDubai Attack Trump on Iran: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में हुए कथित हमले को लेकर ईरान पर गंभीर आरोप लगाया है. सोमवार को व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि इस घटना के पीछे ईरान का हाथ है. इस पर उन्होंने साफ कहा कि, “मैं ऐसा मानता हूं और मैं निजी तौर पर ऐसा मानता भी हूं.”
यह मामला 30 सितंबर का है. फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी. उड़ान के दौरान ओमानी को-पायलट हमाम अल-हमामी ने कॉकपिट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. आरोप है कि इसके बाद उसने विमान को नीचे ले जाने की कोशिश भी की.
हमले के बाद भी कैप्टन ने नहीं छोड़ी हिम्मत
हमले में कैप्टन मच्छार गंभीर रूप से घायल हुए, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी. घायल होने के बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिसके बाद यात्री और ड्यूटी से बाहर मौजूद एक अन्य क्रू सदस्य अंदर पहुंच सके. उन्होंने मिलकर हमामी को काबू में कर लिया.
इस दौरान विमान तेजी से नीचे आया और करीब दो मिनट में लगभग 16 हजार फीट की ऊंचाई गंवा बैठा. हालात बिगड़ते देख हाइजैकिंग से जुड़ा इमरजेंसी सिग्नल भेजा गया. बता दे में विमान को सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़कर आपात लैंडिंग कराई गई. विमान में मौजूद सभी 180 लोग सुरक्षित बाहर निकल आए.
इजरायली रिपोर्ट में साजिश का दावा
इजरायली मीडिया की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हमामी की कथित योजना इससे कहीं ज्यादा खतरनाक थी. रिपोर्ट के मुताबिक, वह विमान को बेन गुरियन एयरपोर्ट की ओर ले जाना चाहता था. पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि कैप्टन को काबू करने के बाद वह सामान्य तरीके से उड़ान जारी रखता और जरूरी अनुमति लेने के बाद विमान को एयरपोर्ट की किसी सुविधा या वहां खड़े दूसरे विमान से टकरा देता.
ये भी पढ़ें: उड़ान भरी, संपर्क टूटा और फिर मलबे में बदला विमान… नाइजीरिया में कैसे हुई 32 लोगों की मौत?
स्मित मच्छार को बताया गया हीरो
कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की इजरायल में भी खूब चर्चा हुई है. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने वीडियो कॉल के दौरान उन्हें इजरायल, भारत और दुनिया का हीरो बताया. इसके बाद इजरायली सरकार ने स्मित और उनके परिवार को मई 2027 में होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का आधिकारिक निमंत्रण भी दिया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

