(AI IMAGE)
WCL 2026: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL 2026) के तीसरे सीजन में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले का इंतजार कर रहे फैंस को बड़ा झटका लगा है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अड़ियल रवैये और भारतीय खिलाड़ियों से लिखित में माफी मांगने की बेतुकी मांग के कारण पाकिस्तान चैंपियंस इस टूर्नामेंट से बाहर हो गई है.
पीसीबी की अड़ियल शर्तों और भारतीय टीम से लिखित माफी मांगने की मांग के कारण पाकिस्तान चैंपियंस वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 से बाहर हो गई है. इस वजह से 10 अक्टूबर को होने वाला भारत-पाक मुकाबला रद्द कर दिया गया है. अब भारतीय टीम 10 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका का सामना करेगी.
NOC को लेकर फिर शुरू हुआ ड्रामा
पाकिस्तान चैंपियंस का WCL 2026 से हटने का मुख्य कारण पीसीबी द्वारा अपने खिलाड़ियों को अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी न करना है. गौरतलब है कि पिछले सीजन में भी पीसीबी ने इस लीग पर सवाल उठाए थे और अपने खिलाड़ियों के खेलने पर रोक लगाई थी. इस बार भी एनओसी जारी करने के बदले पीसीबी ने आयोजकों के सामने ऐसी शर्तें रख दीं, जिन्हें मानना नामुमकिन था.
‘भारतीय खिलाड़ी मांगें लिखित में माफी’
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीसीबी एनओसी देने के लिए तैयार था, लेकिन उसने आयोजकों के सामने शर्त रखी कि भारतीय खिलाड़ी उनसे लिखित में माफी मांगें. दरअसल, पिछले सीजन में भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था. इसके अलावा पीसीबी चाहता था कि दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक (हाथ मिलाने) का भी पक्का आश्वासन दिया जाए. आयोजकों ने अन्य शर्तें तो मान लीं, लेकिन माफीनामा और हैंडशेक की शर्त पर बात नहीं बन सकी.
10 अक्टूबर का महामुकाबला रद्द
इस गतिरोध के कारण पाकिस्तान चैंपियंस को पूरे टूर्नामेंट से ही हटना पड़ा. 10 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला अब नहीं होगा. बता दें कि पाकिस्तान की टीम लीग के पिछले दोनों सीजनों में उपविजेता रही है; 2024 में भारत ने और 2025 में दक्षिण अफ्रीका ने फाइनल में पाकिस्तान को हराया था.
टीम इंडिया का बदला शेड्यूल
पाकिस्तान के हटने के बाद भारत का शेड्यूल बदल दिया गया है. 10 अक्टूबर को अब टीम इंडिया का सामना दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस से होगा. इसके बाद 11 अक्टूबर को बांग्लादेश और 13 अक्टूबर को वेस्टइंडीज से मुकाबला खेला जाएगा. भारत ने अपने अभियान की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया को 46 रन से हराकर की थी, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे मैच में उसे 21 रन से हार का सामना करना पड़ा था.
यह भी पढ़ें-मेंटल हेल्थ के चलते इस दिग्गज गेंदबाज ने लिया संन्यास, 32 की उम्र में क्रिकेट को कहा अलविदा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


