Bharat Express DD Free Dish

वैभव सूर्यवंशी OUT, तो इस खिलाड़ी को मिली जगह! लखनऊ में ऐसी हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग-11

IND vs WI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला T20 आज लखनऊ में खेला जाएगा. संजू सैमसन को वैभव सूर्यवंशी पर तरजीह मिल सकती है. जानें टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग 11.

India vs West Indies T20

IND vs WI Playing 11

IND vs WI 1st T20: भारत ने एशियन गेम्स 2026 में पाकिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया और अब टीम इंडिया की नजरें वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज पर हैं. दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला आज, 6 अक्टूबर को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. मैच शाम 7 बजे शुरू होगा.

एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम आत्मविश्वास से भरी हुई है. फाइनल में अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने बल्ले से अहम पारियां खेली थीं, जबकि शिवम दुबे ने ऑलराउंड प्रदर्शन से प्रभावित किया था. अब इन खिलाड़ियों से वेस्टइंडीज के खिलाफ भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी.

अय्यर के सामने होगी नई चुनौती

टी20 सीरीज में श्रेयस अय्यर भारतीय टीम की कप्तानी संभालेंगे. एशियन गेम्स में भी उनकी अगुवाई में भारत ने गोल्ड जीता था. ऐसे में कप्तान के तौर पर अय्यर की कोशिश लखनऊ में जीत के साथ सीरीज की शुरुआत करने की होगी.

हालांकि वेस्टइंडीज को कमजोर आंकना भारत के लिए भारी पड़ सकता है. वनडे सीरीज भारत ने 2-1 से जीती थी, लेकिन आखिरी मुकाबले में कैरेबियाई टीम ने जोरदार वापसी करते हुए बड़ी जीत दर्ज की थी. टी20 में भी वह उसी लय को जारी रखना चाहेगी.

संजू को फिर मिल सकता है मौका

पहले टी20 में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा पारी की शुरुआत कर सकते हैं. इसके बाद ईशान किशन नंबर-3 पर उतर सकते हैं. मध्यक्रम में श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा पर बड़ी जिम्मेदारी होगी.

वैभव सूर्यवंशी को लेकर भी काफी चर्चा है, लेकिन उन्हें अभी प्लेइंग-11 में जगह मिलने की संभावना कम नजर आ रही है. कोच गौतम गंभीर ने भी साफ किया है कि वैभव प्रतिभाशाली हैं, लेकिन हर खिलाड़ी को अपने मौके का इंतजार करना पड़ता है.


ये भी पढ़ें: ‘भारतीय खिलाड़ी लिखित में माफी मांगें…’ बेतुकी जिद्द पर अड़ा पाकिस्तान, बिगाड़ लिया अपना ही खेल


गेंदबाजी में कुलदीप पर नजर

शिवम दुबे और नीतीश कुमार रेड्डी टीम को अतिरिक्त ऑलराउंड विकल्प देंगे, जबकि अक्षर पटेल स्पिन और बल्लेबाजी दोनों में उपयोगी साबित हो सकते हैं. गेंदबाजी में कुलदीप यादव मुख्य स्पिनर होंगे. तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव संभाल सकते हैं.

भारत की संभावित प्लेइंग-11: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read