रेजीनगर उपचुनाव के दौरान पुलिस ने पार्टी कार्यालय से हिरासत में लिया
Humayun Kabir Detained: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद की रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के दौरान मंगलवार को सियासी माहौल उस समय गरमा गया, जब आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख और नाओदा से विधायक हुमायूं कबीर को पुलिस ने हिरासत में लिया. मतदान शुरू होने के कुछ ही घंटे बाद हुई इस कार्रवाई को लेकर इलाके में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है.
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8 बजे रेजीनगर थाने की पुलिस हुमायूं कबीर की पार्टी के कार्यालय पहुंची. पुलिस ने उनसे कार्यालय छोड़कर सीधे घर जाने को कहा, लेकिन कबीर ने वहां से जाने से इनकार कर दिया. इसके बाद पुलिस उन्हें वाहन में बैठाकर थाने ले गई. इस दौरान विधायक और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई.
पुलिस वाहन में बैठाए जाने के दौरान हुमायूं कबीर ने कहा कि उन्हें यह साफ तौर पर नहीं बताया गया कि गिरफ्तार किया जा रहा है या हिरासत में लिया जा रहा है. उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारी पर गंभीर आरोप भी लगाए. कबीर ने कहा कि पुलिस वोट लूटने और खुलेआम दलाली करने का काम कर रही है. हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई.
हिंसा भड़काने की शिकायत का दावा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिकायत मिली थी कि हुमायूं कबीर पार्टी कार्यालय में बैठकर अलग-अलग इलाकों में तनाव और हिंसा भड़काने की कोशिश कर रहे थे. इसी शिकायत के बाद रेजीनगर थाने के प्रभारी अंजन बर्मन पुलिस बल के साथ पार्टी कार्यालय पहुंचे.
#WATCH | West Bengal: Aam Janata Unnayan Party (AJUP) chief and MLA Humayun Kabir being taken away by Rejinagar Police from his party office in Murshidabad. More details awaited.
Earlier today, he cast his vote in the Rejinagar Assembly constituency by-election. https://t.co/64BUjurfKQ
— ANI (@ANI) October 6, 2026
हुमायूं कबीर इससे पहले सुबह अपने परिवार के साथ शक्तिपुर स्थित अपने गांव के मतदान केंद्र पर वोट डाल चुके थे. मतदान करने के बाद वह सीधे रेजीनगर में पार्टी कार्यालय पहुंचे थे.
ये भी पढ़ें: ‘चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं रहा…’ EC दफ्तर घेरने निकले INDIA ब्लॉक के सांसद, दिल्ली में भारी सुरक्षा बल तैनात
पोलिंग एजेंटों को लेकर भी विवाद
इस बीच हुमायूं कबीर और कुछ अन्य राजनीतिक दलों ने आरोप लगाया है कि रेजीनगर के कई मतदान केंद्रों पर उनके पोलिंग एजेंटों को बैठने नहीं दिया जा रहा है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. रेजीनगर में मतदान के बीच हुई इस कार्रवाई से चुनावी माहौल में तनाव और राजनीतिक टकराव की स्थिति और बढ़ गई है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



