Bijnor News: बिजनौर के चांदपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पिता और बेटी की जोड़ी ने ग्राहक बनकर दुकान के गल्ले से 1.5 लाख रुपये साफ कर दिए. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपी पिता-पुत्री दुकानों पर ग्राहक बनकर पहुंचते थे. बेटी दुकानदार को बातों में उलझाकर दुकान के अंदर जाती थी और मौका मिलते ही गल्ले से नकदी चुरा लेती थी, जबकि पिता बाहर रहकर निगरानी करता था. पुलिस जांच में सामने आया है कि इस शातिर जोड़ी का नेटवर्क बिजनौर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर तक फैला हुआ था. पुलिस ने उनके पास से चोरी के कुछ रुपये बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
ग्राहक बनकर दुकान में ली एंट्री
बिजनौर जिले के चांदपुर स्थित जलीलपुर में 25 सितंबर को एक किसान सेवा केंद्र पर पिता-बेटी ग्राहक बनकर पहुंचे. उन्होंने खाद और अन्य सामान खरीदने के बहाने दुकानदार से बातचीत शुरू की. बातचीत के दौरान ही पिता ने अपनी शादीशुदा बेटी लक्ष्मी को दुकानदार के साथ दुकान के अंदर सामान देखने भेज दिया और खुद बाहर ही स्थिति पर नजर रखने के लिए खड़ा रहा.
बातों में उलझाकर साफ किया गल्ला
दुकानदार का ध्यान भटकाते ही गल्ले में रखे करीब 1.5 लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया गया. दुकानदार को शुरुआत में कुछ भी असामान्य नहीं लगा, लेकिन जैसे ही उसने अपना गल्ला खोला तो उसमें रखी डेढ़ लाख रुपये की रकम गायब थी. पीड़ित दुकानदार ने तुरंत चांदपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई.
Uttar Pradesh के बिजनौर में एक पिता योगेंद्र अपनी ही जवान बेटी लक्ष्मी को साथ लेकर दुकानों का गल्ला साफ करता रहा।
यह दोनों बाइक पर निकलते, दुकान की रेकी करते, बेटी दुकानदार को अपने हुस्न के जाल में फँसती थी फिर पिता गल्ला लेकर निकल लेता था।
बाइक पर बैठने से पहले लक्ष्मी चेहरे पर मास्क लगाती, योगेंद्र हेलमेट पहनता, ताकि पहचान न खुले। नंबर प्लेट भी बाइक पर नहीं थी।
— Madan Mohan Soni (@madanmohansoni) October 7, 2026
CCTV और बिना नंबर की बाइक बनी सुराग
पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल और उस पर सवार हेलमेट व मास्क पहने पिता-बेटी संदिग्ध नजर आए. जांच आगे बढ़ी तो पुलिस सहारनपुर के गांव गुनारसा तक पहुंची, जहां दबिश देकर आरोपी पिता योगेंद्र और उसकी बेटी लक्ष्मी को गिरफ्तार कर लिया गया. उनके पास से ₹30,200 की नकदी बरामद हुई है.
कई जिलों में फैला था चोरी का जाल
पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि यह जोड़ी बिजनौर के धामपुर, नगीना, कोतवाली देहात के अलावा मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जैसे कई जिलों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुकी है. महिला के साथ होने के कारण किसी को आसानी से उन पर शक नहीं होता था.
यह भी पढ़ें-प्रेमानंद महाराज के शिष्य के बाद वृंदावन में एक और कांड, गुरुकुल में जहरीली गैस से 4 छात्रों की तड़पकर मौत
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

