Sri Lanka News: आर्थिक और राजनीतिक उथल-पुथल से गुजर रहे श्रीलंका से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। देश के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे की पत्नी और पूर्व प्रथम महिला शिरंती राजपक्षे (73 वर्ष) को रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है. रिश्वत और भ्रष्टाचार की जांच करने वाले आयोग (CIABOC) के अधिकारियों ने बुधवार को उनके कोलंबो स्थित आवास पर लंबी पूछताछ के बाद यह सख्त कदम उठाया है.
वित्तीय लेन-देन से जुड़ा है मामला (Sri Lanka Politics)
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शिरंती राजपक्षे के खिलाफ चल रही यह जांच मुख्य रूप से ‘सिरिलिया सविया’ संगठन के वित्तीय लेन-देन से जुड़ी हुई है, जिससे वह लंबे समय से जुड़ी रही हैं. इससे पहले सितंबर महीने में पुलिस की वित्तीय अपराध जांच इकाई (FCID) ने उन्हें इस मामले में बयान दर्ज कराने के लिए समन भी जारी किया था.
सिंगापुर से इलाज कराकर लौटी थीं शिरंती
सितंबर में चिकित्सीय उपचार के लिए शिरंती (Sri Lanka former first lady) सिंगापुर गई थीं और हाल ही में 5 अक्टूबर को श्रीलंका लौटी थीं. उनके स्वदेश लौटते ही उनकी ओर से अदालत में गिरफ्तारी से पहले जमानत (Anticipatory Bail) की अर्जी भी दाखिल की गई थी.
ये भी पढ़ें: सुल्तानपुर में खौफनाक एक्सीडेंट! 3 होनहार खिलाड़ियों की दर्दनाक मौत से पसरा मातम, 3 लोग घायल
मालिगाकांडा मजिस्ट्रेट अदालत ने मंगलवार को एफसीआईडी को निर्देश दिया था कि वह 12 अक्टूबर को अदालत में पेश होकर इस पर अपना पक्ष रखे. हालांकि, अदालती प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही बुधवार को भ्रष्टाचार निरोधक अधिकारियों ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया. श्रीलंका में राजपक्षे परिवार के खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं की जांच लगातार जारी है, हालांकि अदालत से अभी तक इस मामले में कोई दोषसिद्धि साबित नहीं हुई है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


