ग्वालियर में ऑफिस में महिला से हुआ दुष्कर्म
MP News: गवालियर/मनोज शर्मा: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में नौकरी की तलाश कर रही 25 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक व्यक्ति ने नौकरी दिलाने का भरोसा देकर महिला को अपने ऑफिस बुलाया और वहां उसके साथ जबरदस्ती की. विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और जातिगत अपशब्द कहे. घटना के बाद पीड़िता ने अपने पति को पूरी बात बताई और फिर पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, एट्रोसिटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
नौकरी की तलाश में होटल पहुंची थी महिला
मामला ग्वालियर के इंदरगंज थाना क्षेत्र का है. पुरानी छावनी निवासी महिला अगस्त महीने में नौकरी की तलाश में इंदरगंज स्थित होटल ‘द ग्रांड’ गई थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई. उसने अपना नाम तुषार अग्रवाल बताया और महिला से कहा कि संजय कॉम्प्लेक्स स्थित उसके ऑफिस में कर्मचारी की जरूरत है. नौकरी की बात सुनकर महिला ने उस पर भरोसा कर लिया.
बताया गया है कि 30 सितंबर की शाम आरोपी ने महिला को एडवांस पैसे देने और काम समझाने के बहाने अपने ऑफिस बुलाया. महिला जब वहां पहुंची तो आरोपी उसे ऑफिस की ऊपरी मंजिल पर बने एक कमरे में ले गया.
कमरा बंद कर जबरदस्ती करने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक, जब उसने पैसे लेकर वापस जाने की बात कही तो आरोपी ने कमरे का दरवाजा बंद कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया. महिला ने विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी. साथ ही उसके साथ जातिगत गालियां देने का भी आरोप है.
किसी तरह महिला वहां से निकलकर अपने घर पहुंची और पति को पूरी घटना बताई. बाद में उसे जानकारी हुई कि जिस व्यक्ति ने अपना नाम तुषार अग्रवाल बताया था, उसका असली नाम अरुण रावत है.
ये भी पढ़ें: ट्रेन खड़ी रही और प्लेटफॉर्म पर चहलकदमी करती रहीं भैंसें! भोपाल से आया चौंकाने वाला दृश्य, देखें VIDEO
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
पीड़िता की शिकायत पर इंदरगंज थाना पुलिस ने अरुण रावत के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि नौकरी दिलाने के बहाने महिला को ऑफिस बुलाकर दुष्कर्म करने की शिकायत मिली है. आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




