सीमापुरी में गिरी चार मंजिला इमारत
Delhi News: दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जब एक चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर पड़ी. इमारत गिरते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास मौजूद लोग मदद के लिए मौके पर पहुंच गए. स्थानीय निवासियों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया और मलबे में फंसे दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला. दोनों बच्चों को तुरंत अस्पताल भेजा गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, भवन मालिक सहित एक ही परिवार के करीब छह लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई है. अब तक दो बच्चों समेत चार लोगों को निकालकर एंबुलेंस के जरिए राजीव गांधी अस्पताल पहुंचाया जा चुका है.
सूचना मिलते ही सक्रिय हुईं बचाव एजेंसियां
घटना की खबर मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और अन्य आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गईं. फायर कंट्रोल रूम को दोपहर करीब 3:15 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली थी. इसके बाद राहत एवं बचाव अभियान तेज गति से शुरू कर दिया गया. अधिकारियों के मुताबिक, यह भवन लगभग 25 गज के प्लॉट पर बना था. नीचे दुकानों का संचालन होता था, जबकि ऊपर चार मंजिलों में रिहाइश की व्यवस्था थी. बताया जा रहा है कि यह इमारत पिछले साल ही तैयार हुई थी.
#WATCH | दिल्ली: नई सीमापुरी इलाके के ईदगाह मछली मंडी के पास स्थित एक रिहायशी इमारत ढहने की घटना पर JCB मशीनें पहुँची हैं। मौके पर दमकल विभाग की गाड़ियां और एम्बुलेंस मौजूद हैं।
अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। https://t.co/EVVnpbgFVZ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 7, 2026
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को दी सलाह
हादसे के बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है. पुलिस के अनुसार, बचाव कार्य के कारण सीमापुरी गोल चक्कर, डीएलएफ भोपुरा तथा आसपास के कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हो रहा है. लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें. साथ ही घटनास्थल के आसपास वाहन खड़ा करने, भीड़ जमा करने और अनावश्यक रूप से रुकने से बचें ताकि एंबुलेंस और राहत दलों के वाहनों की आवाजाही में कोई बाधा न आए.
कई लोगों के अब भी फंसे होने की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक चार घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा चुका है. वहीं करीब छह अन्य लोगों के अभी भी अंदर दबे होने की संभावना बनी हुई है. आशंका जताई जा रही है कि इनमें कुछ बच्चे भी शामिल हो सकते हैं. बचाव कर्मी लगातार मलबा हटाने में जुटे हैं और फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं. जिले की पुलिस उपायुक्त आरती बीना भी मौके पर मौजूद हैं और रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रही हैं.
ये भी पढ़ें-आसमान से दुश्मनों पर पैनी नजर! भारतीय सेना ने खरीदे 225 FPV ड्रोन, जानें क्यों हैं खास
एक महीने पहले भी हुआ था ऐसा हादसा
दिल्ली में भवन गिरने की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले 6 सितंबर 2026 को सत्य निकेतन इलाके में एक पांच मंजिला इमारत धराशायी हो गई थी. उस दुर्घटना में सात लोगों की जान चली गई थी और कई अन्य घायल हुए थे. शुरुआती जांच में सामने आया था कि बेसमेंट में चल रहे मरम्मत और निर्माण कार्य के दौरान एक पिलर कमजोर हो गया था. साथ ही वहां पानी जमा होने की बात भी जांच में सामने आई थी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




