Bharat Express DD Free Dish

पाकिस्तान की नापाक साजिश नाकाम, फिरोजपुर बॉर्डर पर ड्रोन से भेजी गई 100 करोड़ की हेरोइन जब्त

पंजाब के फिरोजपुर में बीएसएफ और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 20 किलो से ज्यादा हेरोइन बरामद की है.

रिपोर्ट- सुखचैन सिंह, फिरोजपुर


पंजाब के फिरोजपुर में नशे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है. भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास गांव पदहरी में बीएसएफ और फिरोजपुर पुलिस ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान 20 किलो से ज्यादा हेरोइन बरामद की है. अधिकारियों के मुताबिक, जब्त की गई इस खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 100 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी जा रही है.

माना जा रहा है कि यह हेरोइन पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में पहुंचाई गई थी. खुफिया सूचना मिलने के बाद बीएसएफ की 99वीं बटालियन और फिरोजपुर पुलिस ने गांव पदहरी के आसपास के खेतों में तलाशी अभियान शुरू किया. तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को खेतों से नशे की यह बड़ी खेप मिली, जिसे तुरंत कब्जे में ले लिया गया.

ड्रोन के जरिए भारत पहुंची थी खेप

जांच एजेंसियों को शुरुआती जानकारी मिली है कि पाकिस्तान में बैठे तस्करों ने ड्रोन की मदद से हेरोइन भारत की सीमा में पहुंचाई थी. इसके बाद भारतीय नेटवर्क से जुड़े तस्करों को इसे उठाकर आगे भेजना था. आशंका है कि इस खेप को देश के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई करने की तैयारी थी.

सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों की नजर दो संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों पर भी पड़ी. बताया जा रहा है कि दोनों पुलिस और बीएसएफ की मौजूदगी देखकर मौके से फरार हो गए. इसके बाद से उनकी तलाश तेज कर दी गई है.

तस्करों की तलाश में छापेमारी

हेरोइन बरामद होने के बाद पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. जांच इस बात पर केंद्रित है कि पाकिस्तान से आई इस खेप को भारत में किसने मंगवाया था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था. पुलिस संदिग्ध तस्करों की पहचान करने के साथ-साथ उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही है.

फिरोजपुर पुलिस का कहना है कि सीमा पार से नशे की तस्करी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. अधिकारियों ने दावा किया है कि इस मामले में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

ये भी पढ़ें- सिर्फ बातें नहीं, अब कमाई का जरिया बना मोबाइल; पीएम मोदी बोले- गांवों तक पहुंची डिजिटल क्रांति

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read