Navratri Vrat Rules: शारदीय नवरात्रि का पावन पर्व मां दुर्गा की आराधना के लिए बेहद खास माना जाता है. इस दौरान भक्त नौ दिनों तक माता की पूजा-अर्चना करते हैं और अपनी श्रद्धा के अनुसार व्रत रखते हैं. इस दौरान खानपान का भी विशेष ध्यान रखना पड़ता है.
आम दिनों में खाए जाने वाले कई खाद्य पदार्थ इन दिनों वर्जित माने जाते हैं, जबकि फल, दूध और कुछ चुनिंदा फलाहारी अनाजों का सेवन किया जाता है. अगर आप भी नौ दिनों तक व्रत रखने की तैयारी कर रहे हैं, तो यह जानना बेहद जरूरी है कि इस दौरान क्या खाना चाहिए और किन चीजों से दूरी बनाना बेहतर होता है.
व्रत में क्या हैं पौष्टिक विकल्प? (What to Eat in Navratri)
नवरात्रि के दौरान आमतौर पर हल्का और सात्विक भोजन करने की परंपरा रही है. ऊर्जा बनाए रखने के लिए सबसे आसान और पौष्टिक विकल्प ताजे फल हैं. केला, सेब, पपीता, संतरा और अनार जैसे फल शरीर को ऊर्जा देने के साथ पानी की जरूरत भी पूरी करते हैं. इसके अलावा व्रत में दूध, दही, पनीर और घी का सेवन भी किया जाता है, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखते हैं.
व्रत के दौरान कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा और सामक के चावल से बनी चीजें खाई जाती हैं, जिनसे रोटी, चीला या खिचड़ी बनाई जाती है. साबूदाना भी काफी लोकप्रिय है, जिसकी खिचड़ी या खीर बनती है. आलू, शकरकंद, बादाम, काजू, किशमिश जैसे मेवे भी व्रत की थाली का अहम हिस्सा हैं. भोजन में सामान्य नमक की जगह केवल सेंधा नमक का इस्तेमाल किया जाता है.
किन चीजों से बनाएं पूरी दूरी? (What to Not Eat in Navratri)
नवरात्रि के व्रत में प्याज, लहसुन, गेहूं, चावल, दाल और सामान्य अनाजों का सेवन बिल्कुल नहीं किया जाता. मांसाहारी भोजन, शराब और अन्य नशीले पदार्थों से पूरी तरह दूरी रखना व्रत के कड़े नियमों में शामिल है. इसके अलावा बहुत ज्यादा तला-भुना, पैकेट बंद या अत्यधिक प्रोसेस्ड खाना खाने से भी बचना चाहिए.
आहार के साथ मानसिक संयम भी है जरूरी
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नवरात्रि का व्रत केवल भोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इस दौरान मन और व्यवहार में भी संयम रखना आवश्यक माना गया है. भक्त मां दुर्गा का ध्यान करते हैं, दुर्गा सप्तशती का पाठ करते हैं और व्रत के दौरान क्रोध, झूठ तथा नकारात्मक विचारों से दूर रहकर ब्रह्मचर्य का पालन करने का संकल्प लेते हैं.
शारदीय नवरात्रि का पर्व शारीरिक शुद्धि के साथ-साथ आत्मिक शांति और अनुशासन का संदेश देता है. सही खानपान और सात्विक आहार अपनाकर जहां सेहत दुरुस्त रहती है, वहीं नियमों का पालन करते हुए की गई पूजा-अर्चना से व्रत का पूर्ण फल प्राप्त होता है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



