Bharat Express DD Free Dish

Ayodhya News: पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. आलिया जुबैरी से मारपीट का आरोप, पेट्रोल पंप विवाद में हंगामा

अयोध्या में पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. आलिया जुबैरी ने पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी के विवाद को लेकर अपने रिश्तेदारों पर मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप लगाया है.

Ayodhya

रिपोर्ट-मनमीत गुप्ता


Ayodhya News: अयोध्या से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहां पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. आलिया जुबैरी के साथ मारपीट का मामला प्रकाश में आया है. बताया जा रहा है कि पूर्व सांसद के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद हड़कंप मच गया है.

पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक यह पूरा विवाद पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी को लेकर शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि नौबत हाथापाई और जानलेवा हमले तक पहुंच गई.

करीबी रिश्तेदारों पर लगाए जानलेवा हमले के आरोप(Ayodhya News)

राज्यसभा सांसद रह चुकी डॉ. आलिया जुबैरी ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा है कि उनके ही करीबी रिश्तेदार अकबर अली मेजर और उनके भाई फैसल वारसी ने अपने साथी गुंडों के साथ मिलकर उन पर जानलेवा हमला किया. अचानक हुए इस हमले से वह काफी आहत हैं और उन्होंने इसे सोची-समझी साजिश बताया है. वायरल वीडियो में भी कुछ लोगों द्वारा उनके साथ अभद्रता करते हुए देखा जा सकता है.

सांसद अवधेश प्रसाद के घर पहुंचीं डॉ. आलिया जुबैरी

घटना के बाद डॉ. आलिया जुबैरी न्याय की गुहार लगाते हुए अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद के घर पहुंचीं और वहां अपना दर्द बयां किया. उन्होंने कहा कि एक पूर्व सांसद के साथ जब इस तरह की घटना हो सकती है तो आम महिलाओं की सुरक्षा का क्या हाल होगा. उन्होंने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है.

CM योगी और गृह मंत्री से करेंगी शिकायत

डॉ. जुबैरी ने साफ तौर पर कहा है कि वह इस पूरे मामले को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और देश के गृह मंत्री से मिलकर शिकायत करेंगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगी.

ये भी पढ़ें- ‘अंबानी-अडानी से बैर, विदेशी बिजनेसमैन से प्रेम…!’ एलोन मस्क को क्यों भा गए राहुल गांधी? बोले-‘थैंक यू’

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

वहीं इस घटना(Ayodhya News) की सूचना अयोध्या कैंट पुलिस को दे दी गई है. पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है और कहा है कि तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read